scorecardresearch
Thursday, 5 November, 2026
होमखेलआपके संघर्षों और उपलब्धियों से प्रेरणा मिलती है: प्रधानमंत्री मोदी ने पैरा एशियाई पदक विजेताओ से कहा

आपके संघर्षों और उपलब्धियों से प्रेरणा मिलती है: प्रधानमंत्री मोदी ने पैरा एशियाई पदक विजेताओ से कहा

Text Size:

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को एशियाई पैरा खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की और कहा कि उनके संघर्षों और उपलब्धियों से पूरे देश को प्रेरणा मिलती है ।

भारत ने पिछले महीने आइची नागोया में हुए एशियाई पैरा खेलों में 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य समेत 114 पदक जीते ।

खेलमंत्री मनसुख मांडविया और खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से भी इस मौके पर मौजूद थे । दो स्वर्ण पदक जीतने वाली भुजाहीन तीरंदाज शीतल देवी और दृष्टिबाधित फर्राटा धाविका सिमरन भी समारोह में उपस्थित थीं ।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ,‘‘ आपके संघर्षों और उपलब्धियों से हर भारतीय को प्रेरणा मिलती है । पहले माता पिता बच्चों को खेलों में कैरियर बनाने में सहयोग करने में डरते थे । लोग कहते थे कि इस व्यवस्था का कुछ नहीं हो सकता जो प्रतिभा का सहयोग नहीं करती लेकिन जैसे आपने हार नहीं मानी, हम भी अपने लक्ष्य पर डटे रहे ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ हमने तय किया कि हमारे युवाओं की प्रतिभा व्यर्थ नहीं जायेगी । जिस व्यवस्था ने आपकी प्रगति में बाधा पहुंचाई , हमने उस व्यवस्था को बदलने का फैसला किया । अगर आज युवा को अपनी प्रतिभा पर भरोसा है तो उसे यह भी विश्वास है कि देश उसके साथ खड़ा है ।’’

मोदी ने कहा कि भारत का प्रदर्शन उन खेलों में भी बेहतर हो रहा है जिनमें अतीत में हम उतने प्रतिस्पर्धी नहीं थे ।

उन्होंने कहा ,‘‘ जिन खेलों में पहले भारत का प्रतिनिधित्व सीमित था, हम उनमें मजबूत हो रहे हैं । तीरंदाजी, एथलेटिक्स, निशानेबाजी, तैराकी, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, जूडो, पावरलिफ्टिंग जैसे कई खेलों में हमने प्रतिभाओं को तलाशा है और इनमें नये चैम्पियन निकल रहे हैं । पैरा एशियाई खेलों में 61 खिलाड़ियों ने पदार्पण किया था ।’’

भाषा मोना सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments