मुल्लांपुर, 21 अक्टूबर (भाषा ) स्पिनर हरजस सिंह और एमनजोत सिंह के तीन तीन विकेट की मदद से पंजाब ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी के मैच में बुधवार को छत्तीसगढ को सात विकेट से हराया ।
पहली पारी में 456 रन बनाने के बाद पंजाब ने छत्तीसगढ को 206 रन पर आउट करके फॉलोआन खेलने पर मजबूर किया । छत्तीसगढ ने दूसरी पारी में 335 रन बनाये जिससे पंजाब को जीत के लिये 86 रन का लक्ष्य मिला । छत्तीसगढ के लिये आयुष पांडे ने 252 गेंद में 111 रन बनाये जबकि अमनदीप खरे भी अर्धशतक जमाकर ‘रिटायर्ड हर्ट’ हुए । दोनो ने चौथे विकेट के लिये 122 रन की साझेदारी की ।
पंजाब के लिये हरजस ने 92 रन देकर और एमनजोत ने 43 रन देकर तीन तीन विकेट लिये ।
पंजाब ने 16 . 5 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया । दूसरी पारी में भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल ने बल्लेबाजी नहीं की । पहली पारी में उन्होंने एक रन बनाया था।
मुलापाडू में हैदराबाद ने आंध्र को 267 रन से हराया । बायें हाथ के स्पिनर तनय त्यागराजन ने आखरी दिन 35 रन देकर छह विकेट लिये ।
अलूर में सौराष्ट्र ने कर्नाटक के खिलाफ पहली पारी की बढत के आधार पर तीन अंक हासिल किये । कर्नाटक के पहली पारी के 342 रन के जवाब में सौराष्ट्र ने 349 रन बनाये थे । कर्नाटक ने दूसरी पारी सात विकेट पर 243 रन पर घोषित की जिसके जवाब में सौराष्ट्र ने दो विकेट पर 137 रन बनाये थे ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.