मुंबई, 15 मार्च (भाषा) भारत के मुक्केबाज नीरज गोयत 25 मार्च को मैक्सिको में स्थानीय खिलाड़ी जोस जेपेडा के खिलाफ मुकाबले से पेशेवर मुक्केबाजी में वापसी करेंगे। इस मुकाबले की इनामी राशि 120000 डॉलर है।
तीन बार के डब्ल्यूबीसी एशिया खिताब विजेता गोयत 2013 में पेशेवर बने थे। उन्होंने अब तक 22 मुकाबले लड़े हैं, जिसमें उनका रिकॉर्ड 17 जीत, तीन हार और दो ड्रॉ है। उन्होंने सात मुकाबले नाकआउट में जीते हैं। वह डब्ल्यूबीसी विश्व रैंकिंग में जगह बनाने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज हैं।
गोयत ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘जब मैंने पहली बार चीन में डब्ल्यूबीए विश्व चैंपियन झू कैन को हराया था, तब भी मेरा उद्देश्य भारतीय मुक्केबाजों के स्तर को बढ़ाना और उन्हें यह बताना था कि इस स्तर पर जीत संभव है। मैं भारत में पेशेवर मुक्केबाजों के भविष्य के लिए प्रेरणा और मार्ग प्रशस्त करने की उम्मीद करता हूं।’’
उनके प्रतिद्वंद्वी जेपेडा पेशेवर मुक्केबाजी की दुनिया के दिग्गजों में से एक हैं। उन्होंने अब तक 40 मुकाबलों में 35 जीत हासिल की हैं, जिनमें 27 नॉकआउट हैं।
भाषा पंत आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.