पाफोस (साइप्रस), 15 अप्रैल (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर आर वैशाली ने बुधवार को यहां अहम मौके पर अपना संयम बनाए रखा और शानदार वापसी करते हुए आखिरी दौर में कैटरीना लेगनो को हराकर महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया।
लंबे समय तक अपने छोटे भाई आर प्राज्ञानानंदा की सफलता के साए में खेलने वाली आर वैशाली को इसके साथ इस साल के आखिर में होने वाले विश्व चैंपियनशिप मुकाबले में चीन की जू वेनजुन का सामना करने का अधिकार मिल गया।
वैशाली ने कुल 8.5 अंक हासिल किए और कोनेरू हम्पी के नक्शेकदम पर चलते हुए ऐसी उपलब्धि हासिल की जो देश में महिला शतरंज के लगातार बढ़ते कद को दर्शाती है।
ओपन वर्ग में जावोखिर सिंदारोव ने चीन के वेई यी के साथ बाजी ड्रॉ खेली और 9.5 अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए मौजूदा विश्व चैंपियन भारत के डी गुकेश को चुनौती देने का अधिकार हासिल किया।
भारत के प्रज्ञानानंदा ने अमेरिकी स्टार हिकारू नाकामुरा के साथ बाजी ड्रॉ खेलकर टूर्नामेंट का समापन किया।
अनीश गिरी ने जर्मनी के मैथियास ब्लूबाउम को हराकर सिंदारोव से 1.5 अंक पीछे रहते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। फाबियानो करुआना ने भी आंद्रे इसिपेंको को हराया।
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
