जयपुर, 16 मार्च (भाषा) भारतीय क्रिकेट की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ बनाए गए शतक को अपने करियर की ‘विशेष’ पारी करार दिया जिसने भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
सूर्यवंशी ने महज 80 गेंद में 175 रन की शानदार पारी खेली जिससे भारत छठी बार अंडर-19 विश्व कप जीतने में सफल रहा।
राजस्थान रॉयल्स की नई जर्सी के अनावरण के अवसर पर सूर्यवंशी ने कहा, ‘‘मेरे लिए करियर का अभी तक का यादगार पल अंडर-19 विश्व कप (हरारे में) की फाइनल पारी है। मैं पहली बार अंडर-19 विश्व कप में खेल रहा था। फाइनल में शतक बनाना मेरे लिए गर्व का क्षण था। फाइनल में मैंने टीम के लिए जो योगदान दिया वह विशेष था।’’
इस साल के आईपीएल में अपने लक्ष्य के बारे में पूछे जाने पर सूर्यवंशी ने कहा कि वह केवल प्रक्रिया पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और अन्य चीजों के बारे में नहीं सोच रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपना ध्यान टीम को मैच जिताने में योगदान देने पर केंद्रित करता हूं। मैं बस अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने का प्रयास करता हूं। किसी भी क्षेत्र में जब आप अच्छा काम करते हैं तो लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचते हैं लेकिन मैं उस पर ध्यान नहीं दे रहा हूं। मेरा पूरा ध्यान अपने काम पर है।’’
इस अवसर पर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी उपस्थित थे जो 17 साल बाद रॉयल्स की टीम में वापसी कर रहे हैं।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
