हॉर्सेंस (डेनमार्क), 25 अप्रैल (भाषा) भारतीय महिला शटलरों ने अपने पहले मैच में मिली हार से उबरते हुए शनिवार को यहां उबेर कप फाइनल्स के ग्रुप ए के अपने दूसरे मुकाबले में यूक्रेन पर शानदार जीत दर्ज की।
भारतीय टीम को शुक्रवार को ग्रुप ए के अपने पहले मुकाबले में मेजबान डेनमार्क के हाथों 2-3 से हार का सामना करना पड़ा था।
लेकिन शनिवार को भारत ने सभी एकल मैच जीत लिए और उसने यूक्रेन के खिलाफ 3-0 से बढ़त बनाई हुई थी।
18 साल की उन्नति हुड्डा ने पहले एकल में पोलिना बुह्रोवा को 46 मिनट में 21-19, 22-20 से हराया।
दूसरे एकल में तन्वी शर्मा ने 49 मिनट में येवहेनिया कैंटेमिर पर 21-12, 17-21, 21-10 से जीत हासिल की।
देविका ने भी तीसरे एकल में मारिया स्टोलियारेंको को 38 मिनट में 23-21, 21-13 से हराकर मैच अपने नाम कर लिया। इस तरह आखिरी दो मैच (युगल) का नतीजा अब बेमानी हो गया है।
यूक्रेन को अपने पहले मैच में चीन के हाथों 0-5 से हार मिली थी, अब वह क्वार्टरफाइनल में पहुंचने की दौड़ से लगभग बाहर हो चुका है।
हर ग्रुप से केवल दो टीमें ही क्वार्टरफाइनल में पहुंचेंगी।
भारत का भविष्य सोमवार को तय होगा जब उसका मुकाबला मजबूत टीम चीन से होगा।
भाषा नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.