मुल्लांपुर, 27 मई (भाषा) वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल के तूफानी अर्धशतक के बाद जोफ्रा आर्चर की धारदार गेंदबाजी से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के एलिमिनेटर में बुधवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हरा दिया।
रॉयल्स के 244 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स की टीम आर्चर (58 रन पर तीन विकेट), सुशांत मिश्रा (21 रन पर दो विकेट), रविंद्र जडेजा (21 रन पर दो विकेट) और नांद्रे बर्गर (26 रन पर दो विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने 19.2 ओवर में 196 रन पर सिमट गई और टूर्नामेंट से बाहर हो गई। टीम की ओर से नितीश कुमार रेड्डी ने सर्वाधिक 38 रन बनाए जबकि सलील अरोड़ा (35) और इशान किशन (33) ने भी उपयोगी पारियां खेली लेकिन टीम कभी लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में नहीं दिखी।
रॉयल्स की टीम अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले फाइनल में जगह बनाने के लिए शुक्रवार को दूसरे क्वालीफायर में यहीं गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी।
रॉयल्स ने सूर्यवंशी (29 गेंद में 12 छक्कों और पांच चौकों से 97 रन) और जुरेल (21 गेंद में पांच चौकों और तीन छक्कों से 50 रन) के अर्धशतक से आठ विकेट पर 243 रन बनाए। सूर्यवंशी ने यशस्वी जायसवाल (29) के साथ पहले विकेट के लिए सिर्फ आठ ओवर में 125 रन जोड़कर रॉयल्स को ताबड़तोड़ शुरुआत दिलाई।
सनराइजर्स की ओर से प्रफुल्ल हिंगे सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 54 रन देकर तीन विकेट चटकाए। कप्तान पैट कमिंस ने चार ओवर में 64 जबकि साकिब हुसैन ने चार ओवर में 52 रन लुटाए।
रॉयल्स की टीम हालांकि अंतिम चार ओवर में 34 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे सनराइजर्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने पांचवें ओवर में 57 रन तक ही चार विकेट गंवा दिए। पारी की दूसरी ही गेंद पर अभिषेक शर्मा (00) ने आर्चर की गेंद पर विकेटकीपर जुरेल को कैच थमा दिया।
किशन ने आर्चर की लगातार गेंदों पर छक्के और दो चौकों के साथ शुरुआत की जबकि ट्रेविस हेड ने नांद्रे बर्गर की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा।
किशन ने आर्चर के अगले ओवर में भी दो छक्के मारे लेकिन फिर कवर में डोनोवन फरेरा को आसान कैच दे बैठे।
आर स्मरण ने एक रन बनाकर नांद्र बर्गर की गेंद को मिड ऑन पर आर्चर के हाथों में खेला।
आर्चर ने इसके बाद हेड (17) को बोल्ड करके सनराइजर्स को चौथा झटका दिया।
स्पिनर यश राज पुंजा ने इसके बाद हेनरिक क्लासेन (18) को पगबाधा करके सनराइजर्स की बची खुची उम्मीदों को भी तोड़ दिया।
नितीश कुमार रेड्डी (38) ने यश पर दो छक्कों और एक चौक के साथ नौवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।
सलील अरोड़ा ने भी अगले ओवर में ब्रिजेश शर्मा की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा।
नितीश हालांकि रविंद्र जडेजा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में दासुन शनाका को कैच दे बैठे जबकि अगले ओवर में कमिंस (01) सुशांत मिश्रा का शिकार बने।
अरोड़ा भी इसके बाद जडेजा की गेंद पर बर्गर के हाथों लपके गए।
सनराइजर्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 79 रन की दरकार थी लेकिन टीम इस स्कोर के आसपास भी नहीं पहुंच पाई।
सनराइजर्स ने टॉस जीतकर रॉयल्स को बल्लेबाजी का न्योता दिया जिसके बाद सूर्यवंशी और जायसवाल ने पावर प्ले में बिना विकेट खोए 80 रन जोड़कर टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई। सूर्यवंशी ने कमिंस पर छक्के के साथ शुरुआत की और फिर सनराइजर्स के कप्तान के अगले ओवर में लगातार तीन छक्के मारे।
सूर्यवंशी ने हुसैन के ओवर में तीन छक्कों के साथ सिर्फ 16 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और इस दौरान किसी टी20 टूर्नामेंट के एक सत्र में सर्वाधिक 59 छक्के के क्रिस गेल में रिकॉर्ड को भी तोड़ा।
जायसवाल ने भी इस बीच इशान मलिंगा और हिंगे पर चौके जड़े।
सूर्यवंशी ने हिंगे पर छक्के के साथ आठवें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। उन्होंने इसी ओवर में लगातार गेंदों पर दो चौके और दो छक्के भी मारे लेकिन अगली गेंद पर थर्ड मैन पर रविचंद्रन स्मरण को कैच दे बैठे।
जायसवाल भी इसके बाद स्पिनर शिवांग कुमार की गेंद को लॉन्ग ऑफ पर अभिषेक शर्मा के हाथों में खेल गए।
जुरेल ने आते ही शिवांग पर छक्का मारा और फिर कमिंस पर भी दो चौके और एक छक्का मारा।
जुरेल ने हिंगे पर छक्के के साथ सिर्फ 20 गेंद में मौजूदा सत्र का अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगली गेंद को हवा में खेलकर नितीश कुमार रेड्डी को कैच दे बैठे।
कप्तान रियान पराग (26) ने हुसैन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 15वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया। वह हालांकि अगले ओवर में हिंगे की गेंद पर हेनरिक क्लासेन को कैच दे बैठे।
दासुन शनाका भी पांच रन बनाने के मलिंगा की गेंद अभिषेक के हाथों लपके गए जबकि डोनोवन फरेरा 12 रन बनाकर रन आउट हुए।
भाषा सुधीर
सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.