scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमखेलफिट रहा, घरेलू क्रिकेट खेला और अपने कौशल पर काम किया: शमी

फिट रहा, घरेलू क्रिकेट खेला और अपने कौशल पर काम किया: शमी

Text Size:

हैदराबाद, पांच अप्रैल (भाषा) तेज गेंदबाजी के अगुआ मोहम्मद शमी ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स पर मिली अहम जीत के बाद कहा कि घरेलू क्रिकेट के जरिए मैच के लिए तैयार रहना और अपने कौशल को निखारते हुए बेहतरीन फिटनेस बनाए रखना, उनके शानदार प्रदर्शन में अहम रहा।

शमी ने कहा, ‘‘अगर आप खेलना चाहते हैं तो खेल के साथ तालमेल बनाये रखना जरूरी है। अगर आप फिट हैं, तभी आप अपने कौशल पर काम कर सकते हैं। इसलिए मैं खेल के संपर्क में रहा और सभी घरेलू मैच खेले। ’’

शमी ने नौ रन देकर दो विकेट लिए और 18 डॉट गेंद भी फेंकीं। उन्होंने कहा कि पिछले मैच में मिली हार के बाद टीम को जोरदार वापसी करने की जरूरत थी।

उन्होंने मैच के नतीजे पर संतोष जाहिर करते हुए कहा कि हार के बाद लय बनाना बहुत जरूरी होता है।

शमी ने कहा, ‘‘मैं खुश हूं। हम अपना पिछला मैच हार गए थे इसलिए इस मैच को जीतना लय बनाने के लिए बहुत जरूरी था। ’’

उन्होंने कहा कि शारीरिक रूप से फिट होने से खिलाड़ी अपनी कला पर काम कर पाता है इसलिए उन्होंने लय में बने रहने के लिए घरेलू मैच में खेलना जरूरी समझा।

अनुभवी तेज गेंदबाज ने इस बात पर भी जोर दिया कि ऊंचे स्तर पर कौशल और अनुभव दोनों जरूरी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कौशल या अनुभव के बिना कुछ नहीं होता। ’’

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments