नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) वरिष्ठ खेल पत्रकार जसविंदर सिद्धू की यहां एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।
सिद्धू की उम्र 50 साल से अधिक थी। उन्होंने अपने करियर में हिंदुस्तान, दैनिक जागरण, अमर उजाला और हिंदुस्तान टाइम्स सहित कई मीडिया संगठनों के लिए काम किया। उन्होंने फ्रीलांस काम भी किया।
यह जानलेवा दुर्घटना रविवार देर रात पूर्वी दिल्ली में हुई और उन्हें गंभीर चोटों के कारण पास के अस्पताल ले जाया गया लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
दिल्ली के ‘प्रेस क्लब ऑफ इंडिया’ ने बयान जारी करके शोक जताया है।
क्लब ने कहा, ‘‘हम एक सड़क दुर्घटना में अनुभवी खेल पत्रकार जसविंदर सिद्धू की असमय मौत से बहुत दुखी हैं। वह प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में एक जानीमानी और सम्मानित हस्ती थे। उनके जाने से भारतीय पत्रकारिता को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘खेल पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, अटूट पेशेवरपन और समझदारी भरी रिपोर्टिंग ने उन्हें मीडिया जगत में बहुत सम्मान दिलाया।’’
क्लब ने कहा, ‘‘हम उनके परिवार, मित्रों, सहकर्मियों और उन सभी लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करते हैं जो उनके जीवन का हिस्सा रहे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’
भाषा सुधीर पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.