देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि राज्य में इस समय विद्या भारती के 562 स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिनमें करीब 1.25 लाख छात्र शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं.
सीएम धामी ने कहा, “विद्या भारती हर गांव और हर घर तक पहुंच चुकी है. इस संस्था ने हमारे विचारों को पूरे राज्य में पहुंचाने का काम किया है. मैं लंबे समय से इन संगठनों से जुड़ा रहा हूं, इसलिए जानता हूं कि कठिन समय में विद्या भारती के शिक्षकों और पदाधिकारियों ने बहुत काम किया. आज राज्य में करीब 562 स्कूल चल रहे हैं, जहां 1.25 लाख छात्रों को शिक्षा दी जा रही है.”
इससे पहले मुख्यमंत्री धामी हरिद्वार जिले के रुड़की स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ में शामिल हुए.
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के 27 उत्पादों को भौगोलिक संकेतक (GI) टैग मिल चुका है. इससे स्थानीय उत्पादकों, किसानों, कारीगरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को नए बाजार, बेहतर दाम और रोजगार के अधिक अवसर मिल रहे हैं.
इससे पहले 25 जुलाई को मुख्यमंत्री धामी देहरादून में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान की राज्य स्तरीय कार्यशाला में भी शामिल हुए थे.
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास के विचार आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं. उनका जीवन समानता, मानवता, सामाजिक न्याय और सामाजिक समरसता का संदेश देता है. साथ ही उन्होंने लोगों को छुआछूत, भेदभाव और जातिगत असमानता जैसी सामाजिक बुराइयों से ऊपर उठने की प्रेरणा दी.