येओसु (कोरिया), 21 जुलाई (भाषा) भारतीय खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की स्टार पुरुष युगल जोड़ी ने शुक्रवार को यहां जापान के ताकुरो होकी और युगो कोबायाशी को सीधे गेम में हराकर कोरिया ओपन सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
तीसरी वरीय भारतीय जोड़ी ने महज 40 मिनट में जीत हासिल की। दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी ने पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी को 21-14 21-17 से शिकस्त दी।
सात्विक और चिराग का सामना अब चीन के वेई केंग लियांग और चांग वांग की दूसरी वरीय जोड़ी से होगा जो पुरुष युगल में 2021 विश्व चैम्पियन हैं।
पीवी सिंधू, एचएस प्रणय और किदाम्बी श्रीकांत और अन्य भारतीय पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।
पिछले महीने इंडोनेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट जीतने के बाद अपना पहला टूर्नामेंट खेल रही भारतीय जोड़ी को पहले छह अंक तक कड़ी टक्कर मिली। लेकिन लगातार चार अंक जीतकर सात्विक-चिराग ने बढ़त बना ली।
इसके बाद सात्विक और चिराग ने पहला गेम आसानी से अपने नाम कर लिया।
भारतीय जोड़ी ने दूसरे गेम में धीमी शुरुआत की जिससे वे 3-6 से पीछे चल रहे थे लेकिन उन्होंने समय पर वापसी करते हुए लगातार छह अंक हासिल कर 14-9 से बढ़त बना ली।
जापान की जोड़ी भी आसानी से गेम गंवाने के मूड में नहीं थी, उन्होंने आक्रामक खेल दिखाया और उन्हें प्रतिद्वंद्वी टीम की ‘अनफोर्स्ड’ गलतियों से मदद भी मिली जिससे स्कोर 16-16 हो गया।
सात्विक और चिराग ने अपने खेल में तेजी लाते हुए जीत हासिल की और अंतिम चार चरण में प्रवेश किया।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
