scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमखेलभारत-न्यूजीलैंड खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने पर राजगीर में होंगे रग्बी मुकाबले

भारत-न्यूजीलैंड खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने पर राजगीर में होंगे रग्बी मुकाबले

Text Size:

पटना, 22 अक्टूबर (भाषा) भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ‘खेल के माध्यम से एकता के 100 वर्ष’ पहल के तहत भारत और न्यूजीलैंड के बीच अंडर-20 रग्बी शृंखला का आयोजन 23 से 28 अक्टूबर 2026 तक राजगीर खेल परिसर में होगा।

राजगीर में होने वाली इस शृंखला के बारे में राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को जानकारी दी।

इस शृंखला में भाग लेने के लिए भारत और न्यूजीलैंड की अंडर-20 पुरुष और महिला टीम बिहार पहुंच चुकी हैं।

बृहस्पतिवार को पटना हवाई अड्डे पर न्यूजीलैंड की टीमों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। दोनों देशों के खिलाड़ी संयुक्त प्रशिक्षण सत्रों में हिस्सा लेंगे और खेल तकनीक, अनुभव तथा संस्कृति का आदान-प्रदान करेंगे।

उल्लेखनीय है कि भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेल संबंधों की शुरुआत वर्ष 1926 में न्यूजीलैंड में भारतीय सेना की हॉकी टीम के दौरे से हुई थी। यह आयोजन दोनों देशों के ऐतिहासिक खेल संबंधों को और मजबूत करने के साथ ही युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करेगा। इसके बाद 27 अक्टूबर को राजगीर खेल परिसर में मैच खेले जाएंगे।

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रवींद्रण शंकरण ने कहा कि इस सीरीज की मेजबानी करना बिहार और राजगीर के लिए गर्व का विषय है।

भाषा कैलाश सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments