scorecardresearch
Monday, 23 March, 2026
होमखेलरुद्रांक्ष ने एशियाई चैंपियनशिप में एयर राइफल स्वर्ण पदक जीता

रुद्रांक्ष ने एशियाई चैंपियनशिप में एयर राइफल स्वर्ण पदक जीता

Text Size:

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) पूर्व विश्व चैंपियन निशानेबाज रुद्रांक्ष पाटिल ने शुक्रवार को यहां एशियाई चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता जबकि ओलंपियन अर्जुन बबूता ने दूसरा स्थान हासिल किया जिससे भारत का प्रदर्शन दमदार रहा।

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा और गगन नारंग के बाद देश से उभरते हुए बेहतरीन राइफल निशानेबाजों में से एक रुद्रांक्ष ने फाइनल में शानदार 251.9 का स्कोर किया और हमवतन बबूता (250.7) की चुनौती को पीछे छोड़ते हुए दबदबा बनाया।

इस जोड़ी ने विशाल सिंह के साथ मिलकर भारत को इस स्पर्धा में टीम स्वर्ण पदक भी दिलाया।

बाईस साल के रुद्रांक्ष को देश के लिए कोटा स्थान हासिल करने के बावजूद पेरिस ओलंपिक से चूकने की निराशा झेलनी पड़ी थी। उन्होंने 632.1 के स्कोर के साथ क्वालिफिकेशन राउंड में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि दो और भारतीय बबूता (628.0, पांचवें) और विशाल (624.6, आठवें) भी आठ निशानेबाजों वाले फाइनल में पहुंचे।

यह रुद्रांक्ष का महाद्वीपीय स्तर पर पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक था। इससे पहले उन्होंने 2024 में जकार्ता में मिश्रित टीम में शीर्ष पोडियम स्थान हासिल किया था।

रुद्रांक्ष (632.1), बबूता (628.0) और विशाल (624.6) की टीम ने कुल 1884.7 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक जीता जिससे कजाखस्तान (1879.4 अंक) और जापान (1877.2) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

जूनियर पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भारत ने पोडियम पर क्लीन स्वीप किया जिसमें हिमांशु (250.0) ने स्वर्ण पदक जीता। उनके बाद अंश डबास (247.9) दूसरे और सुरेश प्रणव (226.8) तीसरे स्थान पर रहे।

टीम स्वर्ण पदक भी भारत के नाम रहा। हिमांशु, प्रणव और अभिनव साव ने कुल 1887.8 अंक हासिल किए और कजाकिस्तान (1851.3) से काफी आगे रहे।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments