हांगझोउ, 25 सितंबर (भाषा) एशियाई खेलों में महिला क्रिकेट में भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली युवा तेज गेंदबाज टिटास साधु ने सोमवार को यहां कहा कि श्रीलंका के खिलाफ कम स्कोर वाले फाइनल में शांतचित रहकर अपनी रणनीति पर अमल करने से उनकी टीम को जीत मिली।
भारतीय महिला टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 19 रन से हराकर इन खेलों में देश के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 116 रन बनाए लेकिन उसने श्रीलंका की टीम को आठ विकेट पर 97 रन ही बनाने दिए।
अपने चार ओवर में छह रन देकर तीन विकेट लेने वाली साधु ने कहा,‘‘हमें क्या करना है इसको लेकर हमारी रणनीति स्पष्ट थी। निश्चित तौर पर हमें पहले ओवर में ही अच्छी लय मिल गई थी। पहली पारी समाप्त होने के बाद हमने शांतचित रहकर अपनी रणनीति पर अमल करने का फैसला किया था।’’
उन्होंने कहा,‘‘हमने मैच में जिस तरह से वापसी की उससे हमारे इस फैसले का पता चलता है।’’
भाषा
पंत आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
