मुल्लांपुर, 13 अप्रैल ( भाषा ) केशव महाराज की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में शनिवार को यहां पंजाब किंग्स को आठ विकेट पर 147 रन पर रोक दिया।
महाराज ने चार ओवर में 23 रन देकर दो विकेट लिये। उन्हें आवेश खान (34 रन पर दो विकेट) , ट्रेंट बोल्ट (22 रन पर एक विकेट), युजवेंद्र चहल (31 रन पर एक विकेट) और कुलदीप सेन (35 रन पर एक विकेट) का अच्छा साथ मिला।
पंजाब की टीम 13वें ओवर में 70 रन पर पांचवां विकेट गंवा कर संघर्ष कर रही थी लेकिन आशुतोष शर्मा (16 गेंद में 31 रन) , जितेश शर्मा (24 गेंद में 29 रन) और लियाम लिविंगस्टोन (14 गेंद में 21 रन) ने आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाकर टीम को चुनौती देने लायक स्कोर तक पहुंचाया।
आशुतोष ने अपनी पारी में तीन छक्के और एक चौका जड़ा तो वहीं जितेश ने एक चौका और दो छक्के लगाये। लिविंगस्टोन ने दो चौके और एक छक्का लगाया।
पंजाब को चोटिल कप्तान शिखर धवन की कमी खली। उनकी जगह टीम में आये अथर्व तायडे ने दूसरे ओवर में कुलदीप सेन का स्वागत लगातार दो चौके से कर आक्रामक तेवर दिखाये लेकिन चौथे ओवर में गेंदबाजी के लिए आये आवेश ने उनकी 12 गेंद में 15 रन की पारी को खत्म किया।
पावरप्ले में पंजाब की टीम एक विकेट पर 38 रन ही बना सकी। सातवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये चहल ने प्रभसिमरन सिंह (10 रन) को चलता किया तो अगले ओवर में महाराज ने जॉनी बेयरस्टो (15) का शिकार किया।
पंजाब ने नौवें ओवर में मुश्किल से रनों का अर्धशतक पूरा किया। धवन की जगह टीम की कमान संभाल रहे सैम कुरेन भी बल्ले से कुछ कमाल नहीं कर सके। वह महाराज का दूसरा शिकार बने। जिससे पंजाब का स्कोर एक विकेट पर 41 रन से चार विकेट पर 52 रन हो गया।
शानदार लय में चल रहे शशांक सिंह और लय तलाश रहे जितेश शर्मा ने 12वें ओवर में महाराज के खिलाफ एक-एक चौके लगाकर रन गति तेज करने की कोशिश की। शशांका हालांकि नौ रन बनाकर सेन की गेंद पर ध्रुव जुरेल को कैच देकर पवेलियन लौट गये।
पंजाब के बल्लेबाज अगले कुछ ओवर में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे लेकिन जितेश ने 15वें ओवर में चहल के खिलाफ छक्का जड़ा जबकि अगले ओवर में उन्होंने सेन के खिलाफ गेंद को दर्शकों के पास पहुंचाया। इसी ओवर का अंत लिविंगस्टोन ने चौका और छक्का से किया। पंजाब ने इस ओवर में 17 रन बटोर कर रनों का शतक पूरा किया।
आवेश के खिलाफ 17वें ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में जितेश रियान पराग को कैच थमा बैठे।
इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर क्रीज पर आये आशुतोष ने चहल के खिलाफ शानदार छक्का लगाया लेकिन अगली गेंद पर संजू सैमसन के शानदार प्रयास से लिविंगस्टोन रन आउट हो गये।
आशुतोष को आवेश की गेंद पर 19वें ओवर में जीवनदान मिला और उन्होंने इसका जश्न इस गेंदबाज के खिलाफ दो छक्के लगाकर मनाया।
उन्होंने 20वें ओवर में बोल्ट के खिलाफ चौका जड़ा लेकिन पारी की आखिरी गेंद पर महाराज को कैच देकर आउट हो गये।
भाषा
आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
