नयी दिल्ली, 18 जनवरी (भाषा) विश्व चैंपियनशिप और एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय ने गुरुवार को यहां पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए हमवतन भारतीय प्रियांशु राजावत को हराकर इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई जबकि सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की दूसरी वरीय पुरुष युगल जोड़ी भी आसान जीत के साथ अंतिम आठ में प्रवेश करने में सफल रही।
दुनिया के नौवें नंबर के खिलाड़ी प्रणय ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए दुनिया के 30वें नंबर के खिलाड़ी प्रियांशु को दूसरे दौर के मुकाबले में एक घंटा और 16 मिनट में 20-22, 21-14, 21-14 से हराया।
क्वार्टर फाइनल में प्रणय की भिड़ंत चीनी ताइपे के वैंग जू वेई और उनके हमवतन सू ली यैंग के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगी।
एशियाई खेलों की चैंपियन सात्विक और चिराग की दुनिया की दूसरे नंबर की जोड़ी ने ल्यु चिंग याओ और यैंग पो हान की चीनी ताइपे की दुनिया की 25वें नंबर की जोड़ी के खिलाफ सीधे गेम में 21-14, 21-15 से जीत दर्ज की।
सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए सात्विक और चिराग की भिड़ंत किम एस्ट्रूप और एंडर्स स्कारूप रासमुसेन की डेनमार्क की पांचवीं वरीय जोड़ी से होगी जिन्होंने चेन बो चैंग और ल्यु यी की चीन की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 13-21, 22-20, 21-11 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.