scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमखेलखराब क्षेत्ररक्षण हार की बड़ी वजह: अक्षर

खराब क्षेत्ररक्षण हार की बड़ी वजह: अक्षर

Text Size:

चेन्नई, 11 अप्रैल (भाषा) चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ आईपीएल मैच में शनिवार को यहां 23 रन से हार का सामना करने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा कि उनकी टीम को खराब क्षेत्ररक्षण का खामियाजा भुगतना पड़ा।

चेन्नई सुपरकिंग्स ने संजू सैमसन की नाबाद 115 रन की पारी के दम पर दो विकेट पर 212 रन बनाने के बाद जैमी ओवरटन (18 रन पर चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से दिल्ली को 189 रन पर ऑल आउट कर 23 रन से जीत दर्ज की।

सैमसन को मैच के 10वें ओवर में अक्षर पटेल की गेंद पर पथुम निसंका ने आसान कैच टपकाकर जीवनदान दिया था। उस समय सैमसन 55 रन पर खेल रहे थे। इसके बाद दिल्ली के क्षेत्ररक्षक 59 रन की पारी खेलने वाले आयुष महात्रे को भी रन आउट करने से चूक गए।

अक्षर ने मैच के बाद प्रसारकों से कहा, “टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन लगातार विकेट गिरने से लय टूट गई और मुकाबले पर पकड़ कमजोर पड़ गई।”

उन्होंने कहा, “पावरप्ले तक स्थिति संतोषजनक थी, लेकिन उसके बाद जल्दी-जल्दी विकेट गिरने से पूरी लय बरकरार नहीं रह सकी।”

उन्होंने हार का ठीकरा खराब क्षेत्ररक्षण पर फोड़ते हुए कहा, “इस मैच के परिणाम में सबसे बड़ा फर्क क्षेत्ररक्षण ने पैदा किया, क्योंकि कैच टपकने और गलतियों के कारण सुपरकिंग्स को अतिरिक्त मौके मिले।”

उन्होंने गेंदबाजों की सराहना करते हुए कहा, “उन्होंने सीएसके को कम स्कोर पर रोके रखा। सिर्फ दो विकेट गिरने के बावजूद 215 रन के अंदर रोकना शानदार प्रयास था। अगर कुछ कैच मौके में बदल जाते, तो मैच की तस्वीर अलग हो सकती थी।”’’

भाषा

आनन्द आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments