scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमखेलपोंटिंग ने पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों के तारीफ की

पोंटिंग ने पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों के तारीफ की

Text Size:

(खेल 21 के स्थान पर इस खबर का प्रयोग करें)

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) पंजाब किंग्स के मुख्य कोच रिकी पोंटिंग ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अब तक अपने बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताई है।

मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में जीत के लिए 196 रन का लक्ष्य पंजाब किंग्स ने 17वें ओवर में हासिल कर लिया। प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंद में नाबाद 80 रन की पारी खेली और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 गेंद में 66 रन बनाए।

मुंबई इंडियंस पर जीत पंजाब किंग्स टीम की इस सत्र में चौथी जीत रही और वह नौ अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष पर है। हालांकि, पंजाब किंग्स अब तक आईपीएल खिताब नहीं जीत पाई है।

बल्लेबाजी की प्रशंसा करते हुए पोंटिंग ने कहा, ‘‘हमारी बल्लेबाजी के लिए शब्द कम पड़ रहे हैं। प्रभसिमरन सिंह, तुम्हारी खास तारीफ करनी होगी। पावरप्ले में तुम्हें ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिली, लेकिन उसके बाद तुमने बेहद कौशल, धैर्य और समझदारी से बल्लेबाजी की। मैंने तुम्हें इससे बेहतर खेलते हुए शायद ही कभी देखा है।’’

पोंटिंग ने कहा, ‘‘हमें पता है कि अगर हम अपने सर्वश्रेष्ठ के करीब खेलते रहे, तो हम लगातार मैच जीतते रहेंगे। मौजूदा स्थिति पर हमें गर्व होना चाहिए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम रुक जाएं। हमें हर दिन खुद को और बेहतर बनाने के बारे में सोचना होगा।’’

पंजाब किंग्स अब 19 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अगला मुकाबला खेलेगी।

भाषा

आनन्द मोना

मोना नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments