मुंबई, 24 जुलाई (भाषा) इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम मुंबई सिटी एफसी ने सोमवार को बेंगलुरु एफसी के मिडफील्डर जयेश राणे को 2023-24 सत्र के अंत तक उधार (लोन) पर लेने की घोषणा की।
तीस साल के जयेश के साथ बेंगलुरु एफसी ने 2021-22 सत्र से पहले करार किया था। मिडफील्ड में अपनी काबिलियत के साबित कर चुके जयेश आईएसएल के अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल है। उन्हें 103 मैचों का अनुभव है। इस करार के बाद वह अपने गृहनगर मुंबई में वापसी कर रहे हैं।
मुंबई सिटी के मुख्य कोच डेस बकिंघम ने यहां जारी विज्ञपति में कहा, ‘‘हमें जयेश को टीम में शामिल करने की बहुत खुशी हो रही है। वह अनुभवी खिलाड़ी है और उसने इस लीग में सफलता हासिल की है। उसे इस बात की गहरी समझ है कि मुंबई सिटी का क्या मतलब है और हम किस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।’’
ज्येश ने कहा, ‘‘ यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझे अपने घर (शहर) और अपने लोगों का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला है। मैं बेंगलुरु एफसी को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं यहां मुंबई सिटी के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं।’’
भाषा आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
