मुंबई, 19 अगस्त (भाषा) श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2024 के लिए पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस में वापसी करने के लिए तैयार हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार वह शेन बॉन्ड की जगह टीम के तेज गेंदबाजी कोच होंगे।
न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज पिछले नौ सत्र से टीम के मुख्य कोच है। आईपीएल के एक सूत्र ने हालांकि ‘पीटीआई-भाषा’ से पुष्टि की कि बॉन्ड का मुंबई के साथ अनुबंध अब भी समीक्षा के अधीन है।
इस सूत्र ने कहा, ‘‘बॉन्ड के साथ मुंबई इंडियन्स का अनुबंध अभी भी खत्म नहीं हुआ है।’’
इससे पहले, ‘ईएसपीएन क्रिकइन्फो’ ने बताया था कि यह भी स्पष्ट नहीं है कि बॉन्ड आईएलटी20 (इंटरनेशनल लीग टी20, यूएई) में एमआई एमिरेट्स के मुख्य कोच के रूप में बने रहेंगे या नहीं। टीम इस लीग की शुरुआत सत्र में तीसरे स्थान पर रही थी।
मलिंगा का मुंबई इंडियन्स के साथ करियर काफी सफल रहा। उनके रहते टीम ने पांच खिताब जीते। इसमें चार आईपीएल (2013, 2015, 2017, 2019) खिताब के अलावा 2011 में चैंपियंस लीग टी20 जीतना शामिल है।
मलिंगा ने मुंबई के लिए 139 मैच खेले और 7.12 की इकॉनमी रेट से 195 विकेट लिए। इनमें से 170 विकेट आईपीएल में आए। वह इस लीग में संयुक्त रूप से छठा सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज है।
मलिंगा ने इससे पहले 2018 में टीम में मेटोरिंग की भूमिका निभाई थी। इसके एक साल बाद उन्होंने खेल में वापसी करते हुए जसप्रीत बुमराह के साथ टीम के की गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई की और टीम को चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाई।
उन्होंने 2021 में संन्यास के बाद 2022 में राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई थी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
