scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमखेलनाइट राइडर्स ने सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जाइंट्स को हराया

नाइट राइडर्स ने सुपर ओवर में लखनऊ सुपर जाइंट्स को हराया

Text Size:

लखनऊ, 26 अप्रैल (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिंकू सिंह के तूफानी अर्धशतक और वैभव अरोड़ा की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन के बावजूद सुपर ओवर में खिंचे इंडियन प्रीमियर लीग मैच में रविवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को हरा दिया।

सुपर ओवर में नाइट राइडर्स के सुनील नारायण ने पहली ही गेंद पर निकोलस पूरन को बोल्ड किया। अगली गेंद पर कप्तान ऋषभ पंत ने एक रन बनाया लेकिन तीसरी गेंद पर एडेन मारक्रम को रिंकू ने लपक लिया।

नाइट राइडर्स को दो रन का लक्ष्य मिला और रिंकू ने प्रिंस यादव की पहली गेंद पर चौके के साथ टीम को जीत दिला दी।

लगातार दूसरी जीत के साथ नाइट राइडर्स की टीम पांच अंक के साथ आठवें स्थान पर पहुंच गई जबकि सुपर जाइंट्स की टीम चार अंक के साथ 10वें और अंतिम स्थान पर खिसक गई।

लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम ने 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान ऋषभ पंत (42) और सलामी बल्लेबाज एडेन मारक्रम (31) की उम्दा पारियों से आठ विकैट पर 155 रन बनाए जिससे मैच सुपर ओवर में खिंचा।

नाइट राइडर्स की ओर से अरोड़ा (24 रन पर दो विकेट) और वरुण चक्रवर्ती (33 रन पर दो विकेट) ने दो-दो विकेट चटकाए।

रिंकू (नाबाद 83, 51 गेंद, पांच छक्कों और सात चौके ) के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी और उनकी कैमरन ग्रीन (34) के साथ पांचवें विकेट के लिए 42 तथा सुनील नारायण (नाबाद 04) के साथ आठवें विकेट के लिए 30 गेंद में 62 रन की अटूट साझेदारी से नाइट राइडर्स ने सात विकेट पर 155 बनाए। रिंकू और ग्रीन के अलावा कप्तान अजिंक्य रहाणे (10) ही दोहरे अंक में पहुंच गए।

मोहसिन खान ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए 23 रन देकर पांच विकेट चटकाए। स्पिनर जॉर्ज लिंडे ने भी 18 रन देकर एक विकेट चटकाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे सुपर जाइंट्स की शुरुआत भी खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में ही मिचेल मार्श (02) का विकेट गंवाया जिन्होंने वैभव अरोड़ा की गेंद को हवा में लहराकर रोवमैन पावेल को कैच थमाया।

कप्तान ऋष पंत ने कैमरन ग्रीन पर छक्के से शुरुआत की और फिर सुनील नारायण पर भी चौका जड़ा।

सलामी बल्लेबाज मारक्रम ने भी अनुकूल रॉय और अरोड़ा पर चौके मारे।

सुपर जाइंट्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 37 रन बनाए।

मारक्रम ने वरुण चक्रवर्ती पर छक्के के साथ नौवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया।

रिंकू ने इसके बाद ग्रीन की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर मारक्रम का शानदार कैच लपका। उन्होंने 27 गेंद की अपनी पारी में दो चौके और एक छक्का मारा।

पंत ने इसके बाद नारायण पर चौका मारा लेकिन अगली गेंद को रिवर्स स्वीप करने की कोशिश में विकेटकीपर टिम सीफर्ट को कैच दे बैठे। उन्होंने 38 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का जड़ा।

निकोलस पूरन (09) की खराब फॉर्म जारी रही और वह चक्रवर्ती पर छक्का जड़ने के बाद इस स्पिनर की गेंद पर शॉर्ट थर्ड मैन पर नारायण को कैच दे बैठे।

सुपर जाइंट्स को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 64 रन की दरकार थी।

अच्छी फॉर्म में चल रहे मुकुल चौधरी (01) इसके बाद अनुकूल रॉय की गेंद को रिंकू के हाथों में खेल गए।

आयुष बडोनी ने अनुकूल पर छक्के के साथ 16वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया जबकि त्यागी पर भी छक्का जड़ा। हिम्मत सिंह ने भी त्यागी की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया।

बडोनी (24) हालांकि अगले ओवर में चक्रवर्ती की गेंद पर अनुकूल को कैच दे बैठे लेकिन जॉर्ज लिंडे ने अंतिम दो गेंद पर दो चौके जड़ दिए।

सुपर जाइंट्स को अंतिम दो ओवर में 28 रन की जरूरत थी।

लिंडे (08) भी इसके बाद अरोड़ा की गेंद पर रिंकू को कैच दे बैठे। मोहम्मद शमी और हिम्मत ने अरोड़ा पर चौके मारे।

अंतिम ओवर में त्यागी को 16 रन का बचाव करना था लेकिन शमी ने अंतिम गेंद पर छक्के के साथ मैच सुपर ओवर में खींच दिया।

इससे पहले पंत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया जिसे मोहसिन ने बिल्कुल सही साबित करते हुए नाइट राइडर्स का स्कोर चार विकेट पर 31 रन कर दिया। मोहसिन ने दूसरे ओवर में ही टिम सीफर्ट (00) को मुकुल चौधरी के हाथों कैच करा दिया।

रहाणे ने मोहम्मद शमी पर पारी का पहला छक्का जड़ा लेकिन मोहसिन की गेंद को मारक्रम को कैच दे बैठे।

अंगकृष रघुवंशी (09) इसके बाद दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से क्षेत्ररक्षण में बाधा पहुंचाने के कारण आउट हुए।

नाइट राइडर्स की टीम पावर प्ले में तीन विकेट पर 31 रन ही बना सकी।

मोहसिन ने रोवमैन पावेल (01) को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराके नाइट राइडर्स को चौथा झटका दिया।

ग्रीन ने नौवें ओवर में जॉर्ज लिंडे पर दो छक्कों के साथ टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया।

ग्रीन ने मोहसिन पर भी छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर भाग्यशाली रहे जब गेंद दिग्वेश राठी और प्रिंस यादव के बीच में गिर गई।

ग्रीन हालांकि इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और एक गेंद बाद विकेटकीपर पंत को कैच दे बैठे।

मोहसिन ने अगली गेंद पर अनुकूल रॉय (00) को भी आयुष बडोनी के हाथों कैच कराके करियर में पहली बार पांच विकेट हासिल किए और सुपर जाइंट्स का छह विकेट पर 73 रन किया।

रिंकू ने 14वें ओवर में राठी पर लगातार दो चौकों के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया।

नाइट राइडर्स के रनों का शतक 16वें ओवर में पूरा हुआ।

रिंकू ने शमी पर छक्के और दो चौकों के साथ 42 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने पारी के अंतिम ओवर में राठी पर लगातार चार छक्कों के साथ टीम का स्कोर 150 रन के पार पहुंचाया।

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments