बेंगलुरु, 15 अप्रैल (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ पांच विकेट की जीत में बल्ले से अहम भूमिका निभाने के बाद कहा कि अब भी उनका घुटना पूरी तरह से ठीक नहीं है।
सुपर जाइंट्स के 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोहली की 34 गेंद में छह चौकों और एक छक्के से 49 रन की पारी की बदौलत 29 गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 149 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (10) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन भी जोड़े।
इससे पहले रसिख सलाम (24 रन पर चार विकेट) और भुवनेश्वर कुमार (27 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सुपर जाइंट्स की टीम पारी की अंतिम गेंद पर 146 रन पर सिमट गई। कृणाल पंड्या ने भी 38 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
कोहली से जब मैच के बाद उनके घुटने की चोट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘पिछले मैच से काफी बेहतर है लेकिन फिर भी शत प्रतिशत फिट नहीं हूं। पिछले मैच में घुटने में सूजन थी। यहां तक कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी पिछले चार-पांच दिन से मैं ठीक महसूस नहीं कर रहा था। अपने जज्बे से खुश हूं। मुझे मैच खत्म करना चाहिए था।’’
पिच से गेंदबाजों को सहायता मिल रही थी और जब कोहली से पिच को लेकर उनके विचार पूछे गए तो उन्होंने कहा, ‘‘पिच पर घास अधिक नहीं थी, यह सामान्य से धीमी थी। पिछले कुछ दिन काफी गर्म रहे हैं। पिच थोड़ी अलग थी। मेरा इरादा पावरप्ले में ही विरोधी टीम से मैच छीन लेना था। आज अपने खेलने के तरीके से मैं खुश हूं।’’
कप्तान ऋषभ पंत की कोहनी में चोट लगने के बाद टीम की अगुआई कर रहे निकोलस पूरन ने स्वीकार किया कि उनकी टीम प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा नहीं कर पाई।
पूरन ने कहा, ‘‘हमारे लिए यह सत्र काफी मुश्किल रहा है। हमारा प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं था। 175 रन एक अच्छा स्कोर होता लेकिन बल्लेबाजी में हमें काफी संघर्ष करना पड़ा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह टी20 क्रिकेट है जिसमें लगातार अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होता। हमारे खिलाड़ी काफी मेहनत कर रहे हैं। यह बस समय की बात है। हमें सब्र रखना होगा और जब भी मौका मिले उसका फायदा उठाना होगा।’’
खराब फॉर्म से जूझ रहे पूरन ने अपनी बल्लेबाजी पर कहा, ‘‘मैं इस समय काफी अच्छा महसूस कर रहा हूं और गेंद को भी अच्छे से हिट कर रहा हूं लेकिन अभी तक नतीजे मेरे पक्ष में नहीं रहे हैं। मैं पहले भी ऐसी स्थितियों से गुजर चुका हूं और मुझे पूरा भरोसा है कि मैं इस बार भी ऐसा कर दिखाऊंगा।’’
भाषा
सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
