scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमखेलकर्स्टन के अनुभव से टीम को काफी फायदा हुआ है: नामीबिया के कप्तान इरास्मस

कर्स्टन के अनुभव से टीम को काफी फायदा हुआ है: नामीबिया के कप्तान इरास्मस

Text Size:

… कुशान सरकार …

 नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा)  नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस का मानना है कि मार्गदर्शक (मेंटोर) के रूप में गैरी कर्स्टन की मौजूदगी ने उनकी टीम को रणनीतिक तौर पर मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के साथ उनके व्यक्तिगत जुड़ाव और व्यापक अनुभव के कारण टीम को काफी फायदा हुआ है। नामीबिया की टीम आईसीसी टी20 विश्व कप मैच में मंगलवार को यहां नीदरलैंड का सामना करेगी। टीम के इस अहम मुकाबले से पहले इरास्मस ने कहा कि विश्व कप विजेता कोच के रूप में कर्स्टन का अनुभव और परिस्थितियों की समझ टीम के लिए बेहद अहम है। उन्होंने कहा, ‘‘हां, उनके पास आईपीएल के साथ 2011 की भारतीय विश्व कप विजेता टीम के साथ काम करने का भी अनुभव है। इसलिए वह निश्चित तौर पर हमारे अभियान को मजबूत करेंगे। उन्हें अलग-अलग मैदानों की अच्छी जानकारी भी है।’’ उन्होंने कहा कि उपलब्धियों और ट्रॉफियों से परे कर्स्टन की प्रबंधन शैली टीम के खिलाड़ियों को सबसे अधिक प्रभावित करती है। इरास्मस ने कहा, ‘‘ टीम के प्रबंधन के लिहाज से यह काफी अच्छा है कि हमारे पास ऐसे मेंटोर कोच हैं, जो सबसे पहले मानवीय पक्ष को महत्व देते हैं और खिलाड़ियों से जुड़ना पसंद करते हैं।” उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को तरजीह देने के रवैये से टीम के कोचिंग से जुड़े सदस्य काफी सम्मान पाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ “हम कर्स्टन और हमारे सहयोगी स्टाफ के अन्य कोच की सबसे ज्यादा इसी बात का सम्मान करते हैं। क्रिकेट काफी हद तक परिस्थितियों पर निर्भर होता है और ऐसे में उनका साथ होना शानदार है।” इरास्मस ने कर्स्टन के प्रभाव पर कहा, ‘‘ वह यहां के सभी मैदानों और प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को अच्छी तरह जानते हैं । उन्होंने अलग-अलग देशों के कई खिलाड़ियों के साथ काम किया है। उनके पास अपार अनुभव है।’’ इरास्मस ने कहा कि टीम का पूरा ध्यान अगले मुकाबले पर है और उन्होंने 12 फरवरी को इसी स्थल पर भारत के खिलाफ होने वाले मैच के बारे में अभी सोचना शुरू नहीं किया है। उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल हमारी पूरी ऊर्जा नीदरलैंड के खिलाफ मैच पर है। यह भारत के मुकाबले से बिल्कुल अलग तरह का खेल होगा। सच कहूं तो हमने 12 तारीख के बारे में अभी सोचा भी नहीं है।’’ भाषा  आनन्द मोनामोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments