नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) कजाखस्तान की सीनियर पुरूष हॉकी टीम एशियाई खेलों के क्वालीफायर के लिये भारतीय खेल प्राधिकरण के सोनीपत स्थित उत्तर क्षेत्र केंद्र पर 10 से 21 मार्च तक हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग कर रही है ।
भारत के प्रमुख हॉकी अभ्यास केंद्रों में से एक पर वल रहे इस शिविर में आधुनिक अनुकूलन सुविधायें, विश्व स्तरीय कृत्रिम टर्फ और बेहद प्रतिस्पर्धी माहौल है जिससे कजाखस्तान को अच्छा अभ्यास मिल रहा है ।
अंतरराष्ट्रीय टीमों की मेजबानी और मदद के जरिये भारत को खेलों में श्रेष्ठता का वैश्विक केंद्र बनाने के खेल मंत्रालय के विजन के तहत यह पहल की गई है ।
कजाखस्तान के कोच ओल्गा उर्मानोवा ने हॉकी इंडिया द्वारा जारी बयान में कहा ,‘‘हम भारतीय खेल प्राधिकरण के उत्तर क्षेत्र केंद्र सोनीपत में आकर बहुत खुश हैं । यहां हमारा बहुत अच्छा ख्याल रखा जा रहा है । भारत में शीर्ष स्तर की हॉकी खेली जाती है और यही वजह है कि हम यहां सीखने, ढलने और विकास के लिये आये हैं ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘इससे पहले हमने राजगीर में हीरो एशिया कप 2025 खेला था जिसके बाद यह भारत का हमारा दूसरा दौरा है । एक बार फिर यह अनुभव काफी अच्छा रहा ।’’
विश्व रैंकिंग में 55वें स्थान पर काबिज कजाखस्तान ने जकार्ता में एएचएफ कप 2025 में शानदार प्रदर्शन करके चौथा स्थान हासिल किया । राजगीर में एशिया कप में उसे भारत, जापान, चीन जैसी शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलने का अनुभव मिला ।
हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा ,‘‘ हम कजाखस्तान की सीनियर पुरूष टीम का भारत में स्वागत करके खुश हैं । इस पहल से विश्व हॉकी का विकास होगा और अंतरराष्ट्रीय खेल संबंध भी मजबूत होंगे ।’’
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
