scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमखेलकर्नाटक ने ‘खेलो इंडिया जनजातीय खेलों’ के पहले दिन दबदबा कायम किया

कर्नाटक ने ‘खेलो इंडिया जनजातीय खेलों’ के पहले दिन दबदबा कायम किया

Text Size:

रायपुर, 25 मार्च (भाषा) कर्नाटक ने तैराकी में अपना दबदबा दिखाते हुए बुधवार से यहां शुरू हुए पहले ‘खेलो इंडिया जनजातीय खेलों (केआईटीजी)’ के शुरुआती दिन छह में से पांच स्वर्ण पदक जीते, जिसमें पुरुषों की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में धोनीश एन ने शानदार प्रदर्शन किया।

धोनीश ने 2:03.55 सेकंड का समय निकाला, जो दूसरे स्थान पर रहे उनके ही राज्य के कीर्तन शरत (2:10.99 सेकंड) से लगभग सात सेकंड बेहतर था। महाराष्ट्र के भक्तिश कुमरे (2:14.73 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता।

पहले दिन के मुकाबलों के बाद कर्नाटक सात पदकों (पांच स्वर्ण सहित) के साथ तालिका में शीर्ष पर रहा, जबकि ओडिशा चार पदकों (एक स्वर्ण सहित) के साथ दूसरे स्थान पर है। मेजबान छत्तीसगढ़ दो पदकों के साथ चौथे स्थान पर है।

ओडिशा की अंजलि मुंडा ने भी महिला 200 मीटर फ्रीस्टाइल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2:39.02 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। यह मुकाबला बेहद करीबी रहा, जिसमें कर्नाटक की निधि एस (2:39.09 सेकंड) ने रजत पदक हासिल किया, जबकि ओडिशा की श्रिया पडियामी (2:49.04 सेकंड) तीसरे स्थान पर रहीं।

कर्नाटक ने लगभग हर स्पर्धा में वर्चस्व बनाए रखा, जहां मणिकांत एल और मेहांजली ने दो-दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।

मणिकांत ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (1:07.41 सेकंड) और 50 मीटर बटरफ्लाई (27.06 सेकंड) में शीर्ष स्थान हासिल किया तो वहीं मेहांजली ने 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक (1:25.81 सेकंड) और 50 मीटर बटरफ्लाई में (34.67 सेकंड) में अपना प्रभुत्व कायम किया।

केआईटीजी में कुल 30 राज्य और केंद्रशासित प्रदेश भाग ले रहे हैं। इसमें लगभग 3,800 खिलाड़ी नौ खेलों में प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। इन खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती में कुल 106 स्वर्ण पदक दांव पर होंगे, जबकि मल्लखंब और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल प्रदर्शन स्पर्धाओं के रूप में शामिल किए गए हैं।

भाषा आनन्द पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments