scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमखेलभारतीय खिलाड़ी बेमबेम और आशालता एशिया की सर्वकालिक ‘ड्रीम इलेवन’ के लिए नामांकित

भारतीय खिलाड़ी बेमबेम और आशालता एशिया की सर्वकालिक ‘ड्रीम इलेवन’ के लिए नामांकित

Text Size:

नयी दिल्ली, 11 दिसंबर (भाषा) भारतीय फुटबॉल की दिग्गज खिलाड़ी बेमबेम देवी और आशालता देवी को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए एशियाई फुटबाल परिसंघ (एएफसी) महिला एशियाई कप की सर्वकालिक ‘ड्रीम इलेवन’ फुटबॉल टीम के लिए नामांकित किया गया है।

पद्म श्री से सम्मानित होने वाली एकमात्र भारतीय महिला फुटबॉलर पूर्व कप्तान बेमबेम ‘ड्रीम इलेवन’ टीम के लिए नामांकित 12 मिडफील्डरों में से एक हैं।

बेमबेम और आशालाता दोनों मणिपुर से हैं, जो देश में महिला फुटबॉल का एक प्रमुख केंद्र है।

एएफसी ने एक बयान में कहा, ‘‘दो दशकों से अधिक समय तक के अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान बेमबेम देवी भारतीय महिला फुटबॉल खिलाड़ियों की एक पीढ़ी की नायिका थीं।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘वह 2003 में एएफसी महिला एशियाई कप में भारतीय टीम की कप्तान थीं और उन्हें दो बार एआईएफएफ महिला प्लेयर ऑफ द ईयर चुना गया है। उन्हें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान मिले हैं।’’

आशालता ने 2022 में भारत में महिला एशियाई कप में भारतीय टीम की कप्तानी की।

एएफसी ने कहा, ‘‘आशालता देवी भारतीय महिला राष्ट्रीय टीम की सबसे कुशल डिफेंडर में से एक हैं। एक दमदार सेंटर बैक के रूप में उन्होंने 2022 में एएफसी महिला एशियाई कप में पदार्पण किया। प्रदर्शन में उनकी निरंतरता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें 2019 में एआईएफएफ महिला प्लेयर ऑफ द ईयर नामित किया गया था।’’

आशालता उन 12 डिफेंडरों में से एक हैं जिन्हें ड्रीम इलेवन के लिए नामांकित किया गया है।

ड्रीम इलेवन के लिए पांच गोलकीपर और 12 फॉरवर्ड खिलाड़ियों को भी नामांकित किया गया है। इसके लिए मतदान 21 नवंबर को शुरू हुआ और यह 10 जनवरी 2026 तक जारी रहेगा।

महिला एशियाई कप एक से 21 मार्च 2026 तक ऑस्ट्रेलिया में खेला जाएगा।

भाषा

पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments