नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा ) भारतीय महिला हॉकी टीम एफआईएच प्रो लीग 2023 . 2024 सत्र के अपने अभियान का आगाज भुवनेश्वर में चीन के खिलाफ करेगी जबकि पुरूष टीम का सामना स्पेन से होगा ।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने बृहस्पतिवार को पांचवें प्रो लीग के कार्यक्रम की घोषणा की । भारतीय खिलाड़ियों का मानना है कि इस टूर्नामेंट से उन्हें पेरिस ओलंपिक की तैयारी में मदद मिलेगी ।
दोनों टीमें अपने अभियान की शुरूआत भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम और राउरकेला के बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम पर करेंगी ।
एफआईएच नेशंस लीग चैम्पियन भारतीय महिला टीम छह फरवरी को चीन के खिलाफ भुवनेश्वर में खेलेगी । इसके बाद उसे नीदरलैंड, आस्ट्रेलिया और अमेरिका से खेलना है । राउरकेला में उसका सामना चीन, नीदरलैंड, आस्ट्रेलिया और अमेरिका से फिर होगा ।
घरेलू मैचों के बाद भारतीय महिला टीम बेल्जियम और ब्रिटेन में अर्जेंटीना, बेल्जियम, जर्मनी और ब्रिटेन का सामना करेगी ।
वहीं पुरूष टीम 10 फरवरी को कलिंगा स्टेडियम पर पहले मैच में स्पेन से खेलेगी । पिछले सत्र में भारत चौथे स्थान पर रहा था और इस बार नजरें पोडियम पर रहेंगी ।
भारत घरेलू मैचों में स्पेन, नीदरलैंड , आस्ट्रेलिया और आयरलैंड से खेलने के बाद बेल्जियम, जर्मनी और ब्रिटेन में अर्जेंटीना और बेल्जियम से खेलेगा ।
भाषा मोना नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
