हांगझोउ 30 सितंबर (भाषा) भारतीय महिला 3×3 बास्केटबॉल टीम ने शनिवार को यहां एशियाई खेलों के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, लेकिन पुरुषों का अभियान प्री-क्वार्टर फाइनल चरण में समाप्त हो गया।
महिला टीम ने अंतिम-16 चरण के अपने मैच में मलेशिया को 16-6 से हराया। इस मैच में वैष्णवी यादव ने अपने खेल से प्रभावित करते हुए नौ अंक हासिल किए।
महिला टीम उज्बेकिस्तान को हराकर अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रही थी जबकि पिछले सत्र की स्वर्ण पदक विजेता चीन के खिलाफ उसे शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था।
क्वार्टर फाइनल में महिला टीम के सामने चीनी ताइपै की चुनौती होगी।
पुरुषों के वर्ग में भारतीय टीम को हालांकि हार का सामना करना पड़ा। ईरान ने करीबी मुकाबले में भारत को 19-17 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया।
प्रिंसपाल सिंह ने भारत के लिए नौ अंक बनाये लेकिन यह टीम को आगे ले जाने के लिए काफी नहीं था।
भारतीय पुरुष टीम पूल चरण में दूसरे स्थान पर रही थी। टीम ने इस दौरान मलेशिया और मकाऊ को हराया था लेकिन चीन की चुनौती से पार नहीं पा सकी थी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.