scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमखेलभारतीय टीम में वापसी के लिए पहले से ‘तीन गुना’ ज्यादा मेहनत कर रहा हूं: साव

भारतीय टीम में वापसी के लिए पहले से ‘तीन गुना’ ज्यादा मेहनत कर रहा हूं: साव

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स की टीम में वापसी कर रहे सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव ने कहा कि वह भारतीय टीम में वापसी के लिए पहले से तीन गुना ज्यादा मेहनत कर रहे हैं।

साव ने पिछली बार जुलाई 2021 में श्रीलंका दौरे में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद उन्हें चोट, खराब लय और मैदान के बाहर की गतिविधियों के कारण राष्ट्रीय टीम में वापसी का मौका नहीं मिला।

आईपीएल 2025 की नीलामी में उनके नाम पर किसी भी फ्रेंचाइजी ने दिलचस्पी नहीं दिखाई, लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में वापसी कर अपने प्रयास जारी रखे।

मुंबई के इस बल्लेबाज ने 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट पदार्पण पर शतक बनाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार आगाज किया था। वह टेस्ट में सबसे कम उम्र में शतक जड़ने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज बने थे। इसके बाद उनका करियर उतार-चढ़ाव भरा रहा।

साव ने यहां पीटीआई के सवाल के जवाब कहा, ‘‘मुझे लगता है यही वजह है कि मैं खेल रहा हूं। इसमें कोई संदेह नहीं कि मुझे भारतीय टीम में वापसी करनी है। इसलिए मैं बहुत मेहनत कर रहा हूं। जितनी मेहनत मैं पहले करता था, आज मैं उसका तीन गुना कर रहा हूं।’’

नीलामी में 75 लाख रुपये में खरीदे जाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स के साथ लौटे साव इस आईपीएल को अपने करियर में एक नए सिरे से शुरुआत मान रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह हमेशा एक नई शुरुआत होती है। कई यादें हैं, लेकिन अब वे इतिहास बन चुकी हैं। यह नया सत्र है और यहां नए खिलाड़ी हैं। मैं पिछले साल यहां नहीं था, अब फिर शामिल हो रहा हूं। मैं हमेशा खुद पर विश्वास करता रहा हूं। मेरे परिवार ने मेरा समर्थन किया है। मैं ज्यादा नहीं सोचने वाला इंसान हूं। मेरे लिए सिर्फ मौजूदा समय मायने रखता है।’’

शीर्ष क्रम में केएल राहुल जैसे खिलाड़ी की मौजूदगी में साव के लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल होगा। इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘‘मैंने इस बारे में नहीं सोचा। अगर केएल (राहुल) पारी का आगाज कर रहे हैं, तो उनके साथ जो भी सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाता है, उसे अच्छा प्रदर्शन करना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं नहीं कहूंगा कि मुझे ही पारी का आगाज करना चाहिए। जो भी यह काम करे, वह हमारी टीम को जीत दिलाए। क्रिकेट में हमेशा प्रतिस्पर्धा होती है। आज आप देख सकते हैं कि 10 सलामी बल्लेबाज हैं, इसलिए प्रतिस्पर्धा हमेशा रहेगी।’’

साव ने कहा कि अब उनका दृष्टिकोण परिणामों के बजाय प्रयास पर आधारित है।

भाषा आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments