scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमखेलहर्ष दुबे के नौ विकेट से विदर्भ ने मध्य प्रदेश को 209 रन पर समेटा

हर्ष दुबे के नौ विकेट से विदर्भ ने मध्य प्रदेश को 209 रन पर समेटा

Text Size:

नागपुर, दो नवंबर (भाषा) बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे ने 53 रन देकर नौ विकेट चटकाए जिससे विदर्भ ने रणजी ट्रॉफी के एलीट ग्रुप ए मुकाबले के पहले दिन सोमवार को मध्य प्रदेश को 209 रन पर समेट दिया।

इसके जवाब में मेजबान विदर्भ ने दिन का खेल समाप्त होने तक 23 ओवर में चार विकेट पर 56 रन बनाए।

दिन के खेल के दौरान कुल 14 विकेट गिरे। मध्य प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उसकी टीम 66.1 ओवर में पवेलियन लौट गई। विदर्भ के लिए दुबे ने 23.1 ओवर में नौ विकेट हासिल किए।

मध्य प्रदेश की ओर से अथर्व महाजन ने सबसे अधिक 85 रन बनाए। उन्होंने 123 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए।

सारांश जैन ने 41 गेंद में 34 रन का योगदान दिया, जबकि आवेश खान 13 रन बनाकर नाबाद रहे।

विदर्भ के लिए एक अन्य विकेट नचिकेत भुटे ने हासिल किया।

इसके जवाब में विदर्भ की टीम भी मध्य प्रदेश के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। दिन का खेल समाप्त होने तक टीम ने 23 ओवर में चार विकेट पर 56 रन बनाए हैं और वह पहली पारी के आधार पर अभी 153 रन से पीछे हैं।

कप्तान अक्षय वाडकर नौ जबकि ध्रुव शौरी 56 गेंद में 21 रन बनाकर खेल रहे हैं।

मध्य प्रदेश की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने 23 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि आवेश को एक सफलता मिली।

कानपुर में बड़ौदा ने ध्रुव पटेल (124) के शतक से उत्तर प्रदेश के खिलाफ छह विकेट पर 269 रन बनाए।

उत्तर प्रदेश की ओर से करण शर्मा ने 39 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

पणजी में गोवा ने स्नेहल कोथांकर (116) के शतक और अभिनव तेजराणा (73) के अर्धशतक से बिहार के खिलाफ छह विकेट पर 288 रन बनाए।

श्रीनगर में पुडुचेरी ने नेयन श्याम कंगायन (70) और मोहित काले (73) के अर्धशतक से जम्मू-कश्मीर के खिलाफ छह विकेट पर 261 रन बनाए।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments