चेन्नई, 26 अप्रैल (भाषा) गुजरात टाइटन्स के गेंदबाजों के दबदबे के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के नाबाद 74 रन की मदद से आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाते हुए सात विकेट पर 158 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।
गायकवाड़ 60 गेंद की नाबाद पारी में छह चौके और चार छक्के जमाकर फॉर्म में लौटे। उनके अलावा शिवम दुबे ने 22 रन का योगदान दिया और जेमी ओवरटन ने अंत में छह गेंद में तीन चौके और एक छक्के से 18 रन की उपयोगी पारी खेली।
गुजरात टाइटन्स के लिए कागिसो रबाडा ने 25 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि अरशद खान को 43 रन देकर दो विकेट मिले। मोहम्मद सिराज और मानव सुथार को एक एक विकेट मिला।
सिराज और रबाडा ने चिलचिलाती गर्मी में चेपॉक स्टेडियम की उछाल भरी पिच पर शानदार गेंदबाजी की। सिराज ने पहले ओवर में शानदार शुरूआत करते हुए महज एक रन दिया।
पिछले मैच में शतक जड़ने वाले संजू सैमसन (11 रन) ने दूसरे ओवर में रबाडा पर चौका जड़कर आईपीएल में 5000 रन पूरे किए। इस बल्लेबाज ने एक और चौका लगाकर इस ओवर में 10 रन जुटाए।
कप्तान गायकवाड़ ने तीसरे ओवर में सिराज पर कवर और फाइन लेग पर दो शानदार चौके लगाकर हाथ खोले।
लेकिन चौथे ओवर में सीएसके को दोहरे झटके लगे जिसमें उसने शानदार फॉर्म में चल रहे सैमसन और उर्विल पटेल (04) के विकेट गंवा दिए।
रबाडा की गेंद सैमसन के बल्ले का किनारा चूमती हुई विकेटकीपर जोस बटलर के हाथों में समां गई। उर्विल क्रीज पर उतरे, उन्होंने एक गेंद खेलने के बाद दूसरी गेंद को मिड ऑफ पर चौके के लिए भेजा। हालांकि अगली गेंद को पुल करने की कोशिश में जेसन होल्डर को कैच देकर आउट हुए।
इम्पैक्ट प्लेयर सरफराज खान खाता भी नहीं खोल सके और पांचवें ओवर में सिराज की पहली ही गेंद पर बटलर को कैच थमा बैठे।
पावरप्ले में सीएसके का स्कोर तीन विकेट पर 28 रन था।
डेवाल्ड ब्रेविस आउट होने वाले अगले बल्लेबाज रहे। मानव सुथार ने नौंवे ओवर में उन्हें गिल के हाथों कैच आउट कराया।
दुबे जब छह रन पर थे तो उन्हें अरशद की गेंद पर बटलर ने जीवनदान दिया। सीएसके ने 12वें ओवर में 50 रन पूरे किए।
पारी का पहला छक्का 13वें ओवर में गायकवाड़ के बल्ले से निकला जिन्होंने अरशद के इस ओवर में दो छक्के लगाए।
अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान ने अपने पहले ओवर में 21 रन लुटाए जिसमें एक छक्का और दो चौके शामिल थे। इसमें साई सुदर्शन ने दुबे का कैच छोड़ा जब वह 15 रन पर थे।
16वें ओवर में सिराज ने अरशद की पहली गेंद पर दुबे का कैच छोड़कर उन्हें फिर जीवनदान दिया। लेकिन यह बल्लेबाज तीसरी गेंद पर बोल्ड हो गया।
कार्तिक शर्मा ने आते ही चौका जड़ा और सीएसके ने 100 रन पूरे किए।
गायकवाड़ ने सिराज पर दो रन लेकर 49 गेंद में अर्धशतक जड़ा जो इस सत्र में उनका पहला पचासा है।
सीएसके ने अंतिम पांच ओवर में 62 रन जोड़कर तीन विकेट गंवाए।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.