scorecardresearch
Monday, 29 June, 2026
होमखेलएफआईएच रैंकिंग : भारतीय पुरूष हॉकी टीम आठवें, महिला टीम नौवें स्थान पर

एफआईएच रैंकिंग : भारतीय पुरूष हॉकी टीम आठवें, महिला टीम नौवें स्थान पर

Text Size:

लुसाने, 29 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ द्वारा जारी ताजा विश्व रैंकिंग में भारतीय पुरूष हॉकी टीम आठवें और नेशंस कप विजेता महिला टीम नौवें स्थान पर बरकरार हैं ।

पुरूष रैंकिंग में हाल ही में एफआईएच प्रो लीग जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिये क्वालीफाई करने वाली बेल्जियम टीम 3738 अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गई है । वहीं नीदरलैंड एक स्थान खिसककर 3513 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है ।

इंग्लैंड तीसरे , आस्ट्रेलिया चौथे और जर्मनी पांचवें स्थान पर हैं । स्पेन और अर्जेंटीना क्रमश: छठे और सातवें स्थान पर हैं ।वहीं प्रो लीग में आठवें स्थान पर रही भारतीय टीम 3134 अंक लेकर रैंकिंग में भी आठवें स्थान पर बनी हुई है ।

भारत ने प्रो लीग के यूरोप चरण के आखिरी मैच में रविवार को इंग्लैंड को शूटआउट में 3 . 2 से हराया । हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली भारतीय टीम प्रो लीग के 16 मैचों में चार जीत, पांच ड्रॉ, शूटआउट के दो बोनस अंक और सात हार के बाद 19 अंक लेकर आठवें स्थान पर रही ।

भारत के बाद फ्रांस, आयरलैंड, न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की टीमें हैं ।

महिला वर्ग में न्यूजीलैंड में एफआईएच नेशंस कप में पांचों मैचों के साथ खिताब अपने नाम करके प्रो लीग में लौटी भारतीय टीम 2735 अंक लेकर नौवें स्थान पर बनी हुई है ।

लगातार चौथी बार प्रो लीग जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक में जगह बनाने वाली नीदरलैंड टीम 4104 अंक लेकर शीर्ष पर है । अर्जेंटीना (3573) दूसरे और बेल्जियम (3370) तीसरे स्थान पर है जबकि एशियाई टीमों में सबसे प्रभावी प्रदर्शन करने वाली चीन प्रो लीग और विश्व रैंकिंग दोनों में चौथे स्थान पर है ।

जर्मनी, स्पेन, इंग्लैंड, आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड शीर्ष दस में शामिल हैं ।

एफआईएच पुरूष रैंकिंग (शीर्ष दस)

1 . बेल्जियम

2 . नीदरलैंड

3 . इंग्लैंड

4 . आस्ट्रेलिया

5 . जर्मनी

6 . स्पेन

7 . अर्जेंटीना

8 . भारत

9 . फ्रांस

10 . आयरलैंड

एफआईएच रैंकिंग ( महिला )

1 . नीदरलैंड

2 . अर्जेंटीना

3 . बेल्जियम

4 . चीन

5 . जर्मनी

6 . स्पेन

7 . इंग्लैंड

8 . आस्ट्रेलिया

9 . भारत

10 . न्यूजीलैंड

भाषा

मोना पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments