scorecardresearch
Tuesday, 30 June, 2026
होमखेलविश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद एशियाड में भी कप्तानी करेंगी हरमनप्रीत

विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद एशियाड में भी कप्तानी करेंगी हरमनप्रीत

Text Size:

नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) इंग्लैंड में आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह नहीं बनाने के बावजूद हरमनप्रीत कौर को जापान में होने वाले इस साल के एशियाई खेलों के लिए मंगलवार को भारतीय महिला टीम के कप्तान के रूप में बरकरार रखा गया।

महिला चयन समिति ने जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। ऑस्ट्रेलिया से रविवार को ग्रुप चरण के आखिरी मैच में हार के बाद टीम का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया था।

भारतीय महिला टीम एशियाई खेलों में मौजूदा चैंपियन के रूप में प्रवेश करेगी। उसने 2023 में चीन के हांगझोऊ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।

स्मृति मंधाना टीम की उप कप्तान बनी रहेंगी।

विश्व कप के लिए टीम में शामिल विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया बाहर होने वाली एकमात्र खिलाड़ी हैं। उनकी जगह जी कमलिनी को टीम में शामिल किया गया है।

विश्व कप के बीच में टखने की चोट के कारण बाहर होने वाली श्रेयंका पाटिल को फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया है। वह तय समय तक फिट होने पर ही अंतिम टीम में जगह बनाएंगी।

बल्लेबाजी क्रम में हरमनप्रीत को मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष का साथ मिलेगा, जबकि गेंदबाजी की जिम्मेदारी मुख्य रूप से दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, श्री चरणी, ​​अरुंधति रेड्डी और नंदनी शर्मा संभालेंगी।

एशियाई खेलों के लिए भारत की टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल, राधा यादव, नंदनी शर्मा।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments