(सुमन रे)
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) दिग्गज एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज का मानना है कि भारतीय भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा जल्द ही अपने पुराने रंग में लौट आएंगे तथा इस साल होने वाले एशियाई खेलों और 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में फिर से शानदार प्रदर्शन करेंगे।
चोपड़ा सितंबर 2025 में तोक्यो विश्व चैंपियनशिप से पहले पीठ के निचले हिस्से की लगी चोट से उबर गए हैं। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में इस सत्र की शुरुआत की और 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया।
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता 28 वर्षीय चोपड़ा ने हाल ही में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों और आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में अपनी भागीदारी की पुष्टि की है।
विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता लंबी कूद की एथलीट अंजू ने पीटीआई से कहा, ‘‘जहां तक नीरज का सवाल है तो वह प्रतियोगिता का स्तर बढ़ने के साथ ही अच्छा प्रदर्शन करना शुरू कर देंगे। वह ओलंपिक चैंपियन और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता हैं। ऐसा कारनामा आज तक किसी भारतीय ने नहीं किया है। समय आने पर उसका अनुभव काम आएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह लगभग 10 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हैं। हम यह नहीं कह सकते कि वह अपनी बेहतरीन फॉर्म में नहीं हैं या अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चरम पर रहते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। वह अब भी वह अपने चरम पर हैं। उन्होंने हमारे लिए बहुत कुछ किया है। अब उन्हें खेल का आनंद लेने दीजिए।’’
अंजू ने इसके साथ ही कहा कि उन्हें यकीन था कि लंबी कूद में उनका 22 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड उनकी ही शिष्या शैली सिंह और उनके गृह राज्य केरल की एंसी सोजन तोड़ सकती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता था कि शैली या एंसी इस साल एशियाई खेलों या राष्ट्रमंडल खेलों में मेरा रिकॉर्ड तोड़ सकती हैं क्योंकि इन खेलों में खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। रिकॉर्ड तोड़ने के लिए ही बनते हैं।’’
अंजू ने कहा, ‘‘यह रिकॉर्ड 22 साल से बना हुआ था और यह काफी लंबा समय था । अच्छी बात है कि एंसी (भुवनेश्वर में अंतर प्रांत चैम्पियनशप में ) ने इसे तोड़ा । मैं उसे बचपन से जानती हूं और वह भी केरल से ही है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ वह काफी मेहनती है और कई बार रिकॉर्ड तोड़ने के करीब पहुंची । शैली भी काफी प्रतिभाशाली है । मुझे यकीन है कि जल्दी ही वह सात का आंकड़ा पार करेगी ।’’
भाषा
पंत मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.