scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमखेलचेस और पॉवेल ने वेस्टइंडीज को चार विकेट पर 195 रन तक पहुंचाया

चेस और पॉवेल ने वेस्टइंडीज को चार विकेट पर 195 रन तक पहुंचाया

Text Size:

कोलकाता, एक मार्च (भाषा) भारत के खिलाफ ‘क्वार्टर फाइनल’ की तरह खेले जा रहे टी20 विश्व कप सुपर आठ मुकाबले में रविवार को वेस्टइंडीज ने चार विकेट पर 195 रन बनाये ।

रोस्टन चेस ने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए 25 गेंद में 40 रन बनाये । उन्होंने शाइ होप के साथ पहले विकेट के लिये 68 रन की साझेदारी की । होप ने 33 गेंद में 32 रन बनाये ।

दोनों ने अच्छी शुरूआत करते भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाया । भारत ने हालांकि 12वें ओवर में वापसी की जब जसप्रीत बुमराह ने दो विकेट चटकाये ।

इसके बाद हालांकि रोवमैन पॉवेल और जैसन होल्डर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिये सिर्फ 35 गेंद में 76 रन की अटूट साझेदारी की । पॉवेल ने 19 गेंद में तीन चौकों और दो छक्कों के साथ 34 रन बनाये जबकि होल्डर ने 22 गेंद में 37 रन बनाये जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे ।

बीच के ओवरों में बुमराह ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन भारत ने उन्हें डैथ ओवरों के लिये बचाकर रखा जिसका कोई फायदा नहीं हुआ ।

पॉवेल ने अर्शदीप सिंह को 16वें ओवर में अच्छी खासी नसीहत देते हुए 24 रन निकाले । अर्शदीप ने चार ओवर में 43 रन दिये और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला । बुमराह ने चार ओवर में 36 रन देकर दो विकेट चटकाये ।

खचाखच भरे ईडन गार्डंस पर भारतीय टीम शुरूआत में दबाव में दिखी जब वेस्टइंडीज ने 53 गेंद में 68 रन जोड़ लिये । पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर कप्तान होप और बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे गए चेस ने पहले ओवर में सिर्फ तीन रन बनाये ।

इसके बाद होप ने हार्दिक पंड्या को मिडविकेट पर छक्का लगाया । अक्षर ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन भारत का क्षेत्ररक्षण ढीला था ।

चेस को जीवनदान भी मिला जब वरूण चक्रवर्ती ने गलत छोर पर थ्रो फेंककर रनआउट का मौका गंवा दिया । इसके बाद अभिषेक शर्मा ने कवर पर उनका आसान कैच छोड़ा जब वह 14 रन पर थे ।

वरूण को नौवें ओवर में गेंद सौंपी गई जिन्होंने होप को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा । शिमरोन हेटमायेर ने आते ही पंड्या को छक्का लगाया और उस ओवर में 13 रन बने । इसके बाद उन्होंने वरूण को चौका और छक्का जड़ा ।

बुमराह ने 12वें ओवर में हेटमायेर और चेस को आउट किया । हेटमायेर ने 12 गेंद में 24 और चेस ने 25 गेंद में 40 रन बनाये ।

भाषा मोना नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments