scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमखेलइंग्लैंड की दूसरी पारी में जूझते नजर आये अश्विन और जडेजा

इंग्लैंड की दूसरी पारी में जूझते नजर आये अश्विन और जडेजा

Text Size:

हैदराबाद, 28 जनवरी ( भाषा ) रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की फिरकी जोड़ी की भारतीय पिचों पर तूती बोलती है लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की दूसरी पारी में दोनों जूझते नजर आये ।

हैदराबाद टेस्ट से पहले दोनों ने मिलकर 500 विकेट ले लिये थे और हरभजन सिंह तथा अनिल कुंबले की जोड़ी से वे एक विकेट पीछे थे । अब दोनों मिलकर 511 विकेट ले चुके हैं और भारतीय गेंदबाजी जोड़ी में शीर्ष पर हैं ।

इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन की जोड़ी मिलकर 1039 विकेट ले चुकी है जबकि आस्ट्रेलिया के शेन वॉर्न और ग्लेन मैकग्रा की जोड़ी के नाम 1001 विकेट हैं । श्रीलंका के चमिंडा वास और मुथैया मुरलीधरन की जोड़ी ने 895 और वेस्टइंडीज के कर्टली एम्बरोज और कर्टनी वॉल्श ने 762 विकेट चटकाये थे ।

इसके बावजूद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में दूसरी पारी में वे जूझते दिखे जब इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने चार से अधिक की औसत से 420 रन बना लिये ।

पहली पारी में दोनों ने छह विकेट लिये थे जिसके दम पर भारत ने इंग्लैंड को 246 रन पर आउट कर दिया ।

दूसरी पारी में इंग्लैंड के बल्लेबाज ओली पेाप ने शानदार स्वीप और रिवर्स स्वीप खेलकर दोनों को काफी परेशान किया । जडेजा ने हालांकि जॉनी बेयरस्टो को और अश्विन ने बेन स्टोक्स को शानदार गेंद पर पवेलियन भेजा लेकिन पोप को 196 रन की पारी खेलने से रोक नहीं सके ।

विकेट राजकोट की विकेट की तरह टूटती नहीं दिखी जिससे स्पिनर उतने असरदार नहीं रहे । भारत के पास कोई ‘प्लान बी’ भी नहीं दिखा ।

भारत के गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे ने कहा ,‘‘ पिच से कुछ टर्न मिल रहा है लेकिन भारतीय उपमहाद्वीप की पिचों को जैसा टर्न मिलता है, वह नहीं है । यह टर्न चुनौतीपूर्ण नहीं है ।’

इंग्लैंड की दूसरी पारी में अश्विन और जडेजा ने 257 रन दिये और पांच विकेट लिये । भारत ने काफी रक्षात्मक फील्ड लगाई थी जिसका खामियाजा भी उन्हें भुगतना पड़ा ।

भाषा मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments