scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमखेलअरोड़ा का शतक बेकार, झारखंड ने पंजाब को हराया, मध्य प्रदेश भी जीता

अरोड़ा का शतक बेकार, झारखंड ने पंजाब को हराया, मध्य प्रदेश भी जीता

Text Size:

अम्बी (महाराष्ट्र), 12 दिसंबर (भाषा) सलिल अरोड़ा ने पंजाब के लिए 125 रन की शानदार शतकीय पारी खेली लेकिन झारखंड ने बल्लेबाजों के एकजुट प्रदर्शन से शुक्रवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग ग्रुप ए मैच में छह विकेट से जीत हासिल की।

अरोड़ा ने 45 गेंद की पारी के दौरान नौ चौके और 11 छक्के जड़े। उन्होंने 39 गेंद में शतक जड़ दिया जिससे पंजाब ने 20 ओवर में छह विकेट पर 235 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया जबकि टीम ने 28 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए थे।

अरोड़ा ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुशांत मिश्रा की गेंदों को धुना और पारी के अंतिम ओवर में तीन छक्के और एक चौका जड़कर पंजाब को बड़ा स्कोर बनाने में मदद की।

अरोड़ा का यह प्रदर्शन इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी को निश्चित रूप से आकर्षित करेगा क्योंकि चार दिन बाद ही लीग की मिनी नीलामी होगी।

अरोड़ा विकेटकीपर-बल्लेबाज की भी भूमिका निभा सकते हैं लेकिन इस दिन पंजाब के कप्तान प्रभसिमरन सिंह ने विकेटकीपिंग की।

लेकिन कुमार कुशाग्र (नाबाद 82), कप्तान ईशान किशन (47 रन), अनुकूल रॉय (37 रन) और पंकज कुमार (39 रन) की बदौलत झारखंड ने 18.1 ओवर में चार विकेट पर 237 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

एक अन्य मैच में भारत के ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने आंध्र के लिए 25 रन बनाए और तीन विकेट लिए लेकिन उनका प्रदर्शन टीम के काम नहीं आ सका जिससे मध्य प्रदेश इस कम स्कोर वाले मुकाबले में चार विकेट से जीत दर्ज करने में सफल रहा।

आंध्र की टीम 19.1 ओवर में 112 रन पर सिमट गई जिसमें केएस भरत के 39 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। मध्य प्रदेश ने 17.3 ओवर में छह विकेट पर 113 रन बनाकर जीत दर्ज की जिसमें ऋषभ चौहान ने 47 और राहुल बाथम ने नाबाद 35 रन बनाए।

वहीं ग्रुप बी के मैच में राजस्थान की टीम हरियाणा से सात विकेट से हार गई। राजस्थान ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन बनाए जिसमें महिपाल लोमरोर ने नाबाद 37 और शुभम गढ़वाल ने 33 रन का योगदान दिया।

हरियाणा ने अंकित कुमार (60 रन) के अर्धशतक की बदौलत 16.2 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन बनाकर जीत दर्ज की।

भाषा नमिता मोना

मोना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments