…फिलेम दीपक सिंह …
नयी दिल्ली, 11 अप्रैल (भाषा) ओडिशा के स्टार धावक अनिमेष कुजूर ने एकदिवसीय इंडियन एथलेटिक्स सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर का खिताब आसानी से जीतने के बाद 100 मीटर दौड़ को फोटो फिनिश के जरिए अपने नाम कर सुर्खियां बटोरीं। तेज मोंडो ट्रैक पर अपने आउटडोर सत्र की शुरुआत करते हुए 22 वर्षीय कुजूर ने सुबह के सत्र में 20.74 सेकंड का समय निकालकर 200 मीटर स्पर्धा जीती। उन्होंने 400 मीटर के राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक विशाल टी (21.01 सेकंड) को पीछे छोड़ा, जो एनसीओई तिरुवनंतपुरम का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। राजस्थान के धर्मवीर चौधरी 21.03 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस स्पर्धा में 50 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। कुजूर को हालांकि 100 मीटर दौड़ में तमिल अरसु से कड़ी टक्कर मिली। दोनों का समय शुरुआत में 10.28 सेकंड दर्ज किया गया, लेकिन फोटो फिनिश में कुजूर (10.272 सेकंड) ने अरसु (10.280 सेकंड) को बेहद मामूली अंतर से हराया। गुरविंदरवीर सिंह 10.40 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहे। कुजूर ने कहा, “यह दौड़ काफी करीबी रही, लेकिन मैं अपने प्रदर्शन और समय से खुश हूं। यह सत्र का पहला मुकाबला था और यह मेरे लिए अब तक की सत्र की सर्वश्रेष्ठ शुरूआत है। पिछले साल मैंने 10.5 सेकंड का समय निकाला था जबकि इस बार 10.28 सेकंड रहा। आगे फेडरेशन कप और राष्ट्रीय अंतरराज्यीय प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन करने की उम्मीद है।” उन्होंने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में नए मोंडो ट्रैक की तारीफ करते हुए कहा कि यह काफी तेज है और उन्होंने इससे पहले बेल्जियम और मोनाको में ऐसे ट्रैक पर प्रतिस्पर्धा की है। शैली सिंह ने महिला लंबी कूद में 6.24 मीटर की छलांग के साथ पहला स्थान हासिल किया, जबकि हरियाणा की परीक्षा (6.10 मीटर) दूसरे और लक्षद्वीप की मुबस्सिना मोहम्मद (6.05 मीटर) तीसरे स्थान पर रहीं। महिला 200 मीटर में अखिल भारतीय पुलिस की प्रियंका सिकरवार ने 23.91 सेकंड के साथ जीत दर्ज की, जबकि कर्नाटक की उन्नति बोल्लांडा (24.12 सेकंड) दूसरे स्थान पर रहीं। पुरुष लंबी कूद में हरियाणा के मोहम्मद अत्ता साजिद ने 7.86 मीटर के साथ पहला स्थान हासिल किया। कर्नाटक के शैलेश कुशवाहा (30:01.08) 10,000 मीटर दौड़ में विजेता रहे, जबकि 800 मीटर में उत्तराखंड के अनु कुमार (1:49.87) शीर्ष पर रहे। जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के मोहम्मद लाजन (14.23 सेकंड) ने 110 मीटर बाधा दौड़ में जीत दर्ज की, जबकि महिला 100 मीटर बाधा दौड़ में इसी टीम की सी. अंजलि (13.58 सेकंड) पहले स्थान पर रहीं। उत्तर प्रदेश की तान्या चौधरी ने 61.29 मीटर के साथ महिला हैमर थ्रो जीता। एशियाई खेलों की पदक विजेता हिमा दास ने दो साल बाद ट्रैक पर वापसी की, लेकिन 200 मीटर (25.42 सेकंड) और 400 मीटर (57.94 सेकंड) में वह पीछे रहीं। हिमा ने कहा, “यह दो साल के अंतराल पर मेरा पहला मुकाबला है और मैं अच्छा महसूस कर रही हूं। अभी मैं पूरी तरह फिट नहीं हूं, लेकिन धीरे-धीरे लय में लौट रही हूं। अगली प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।” उन्होंने बताया कि मुंबई के रिलायंस अस्पताल में उनकी घुटने की सर्जरी हुई थी और अब वह राष्ट्रमंडल खेल तथा एशियाई खेलों के लिए क्वालीफाई करने की कोशिश कर रही हैं। महिला 400 मीटर में पंजाब की रशदीप कौर (53.10 सेकंड) विजेता रहीं, जबकि महाराष्ट्र की ऐश्वर्या मिश्रा (53.30 सेकंड) और प्रिया हब्बथनाहल (54.24 सेकंड) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। भाषा आनन्द नमितानमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
