नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के दौरान कथित नस्लीय दुर्व्यवहार की शिकायतों को अपनी अनुशासनात्मक समिति को भेज दिया है, क्योंकि केरल ब्लास्टर्स ने अपने एक खिलाड़ी से जुड़ी घटना पर कार्रवाई की मांग की थी।
केरल ब्लास्टर्स ने एआईएफएफ से शिकायत की थी 11 अप्रैल को कांतीरवा स्टेडियम में बेंगलुरु एफसी के खिलाफ खेले गए आईएसएल मैच के दौरान उनके एक खिलाड़ी के लिए नस्लीय टिप्पणियां की गई।
केरल ब्लास्टर्स के सेनेगल के डिफेंडर फालू नदिये के लिए बेंगलुरु एफसी के समर्थकों ने कथित तौर पर नस्लीय टिप्पणियां की थी जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। केरल ने वह मैच 2-1 से जीता था।
एआईएफएफ ने मंगलवार को बयान में कहा, ‘‘इंडियन सुपर लीग 2025-26 के दौरान खिलाड़ियों के खिलाफ कथित नस्लीय दुर्व्यवहार के संबंध में एआईएफएफ को कुछ शिकायतें मिली हैं। हम खिलाड़ियों और हर उस व्यक्ति के साथ मजबूती से खड़े हैं, जिसे बिना किसी भेदभाव के इस खूबसूरत खेल में भाग लेने का अधिकार है।’’
भाषा
पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
