scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमखेलभारत की एशियाई खेलों की टीम में 22 नए खिलाड़ी शामिल

भारत की एशियाई खेलों की टीम में 22 नए खिलाड़ी शामिल

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 सितंबर (भाषा) खेल मंत्रालय ने गुरुवार को आगामी एशियाई खेलों के लिए भारतीय दल की एक संशोधित सूची साझा की जिसमें 22 नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया और 25 लोगों को बदला गया है जिसमें एथलीट, कोच और सहायक स्टाफ शामिल है।

मॉडर्न पेंटाथलन को भी सूची में जोड़ा गया जिससे भारत इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय प्रतियोगिता में 39 खेलों में चुनौती पेश करेगा।

चीन के हांगझोउ में 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों में भारत के 655 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे जबकि उनके साथ 260 कोच और सहायक स्टाफ जाएगा।

निशानेबाजी में भारत ने मनीषा कीर, प्रीति रजक और अंगद वीर सिंह बाजवा को टीम में शामिल किया है जबकि एथलेटिक्स में अमलान बोरगोहेन, प्रीति और प्राची को टीम में जगह मिली है।

जू-जित्सु खेल में अन्वेषा देब, निकिता चौधरी, उमा महेश्वर, कमल सिंह और तरूण यादव शामिल हुए हैं।

जान्हवी चौधरी को एक्वाटिक्स जबकि सूरज यादव को वुशु में जोड़ा गया है। मयंक चाफेकर मॉर्डन पेंटाथलन में एकमात्र एथलीट होंगे।

विशाल रुहिल, केशव, सुचिका तरियाल और ज्योति टोकस कुराश में चार अतिरिक्त खिलाड़ी हैं। पुरुषों की टीम परस्यूट साइकिलिंग में वेंकप्पा शिवप्पा केंगलगुट्टी, नीरज कुमार, मंजीत कुमार और दिनेश कुमार के रूप में चार और खिलाड़ी होंगे।

इंडोनेशिया में 2018 में आयोजित पिछले एशियाई खेलों से जेब खर्चे के भत्ते में कोई बदलाव नहीं हुआ है और मंत्रालय ने प्रति दिन 50 अमेरिकी डॉलर के भत्ते की घोषणा की है।

मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘दल के सदस्यों को प्रति दिन 50 अमेरिकी डॉलर की दर से भत्ता दिया जाएगा जिसे भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा सीधे खिलाड़ियों और अधिकारियों के बैंक खाते में भेजा जाएगा।’’

भाषा सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments