लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि और पशुहानि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहानि और पशुहानि का आकलन कर पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाए.
शनिवार को कासगंज, चंदौली, मीरजापुर और बाराबंकी जिलों में वर्षा और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में लोगों और पशुओं की मौत की सूचना मिली. मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को प्रभावित परिवारों से संवाद बनाकर उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति को देखते हुए फील्ड में रहकर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा. मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार, दवाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और बिजली के तारों, होर्डिंग तथा ग्लोसाइन बोर्डों से दूर रहने की अपील भी की.