scorecardresearch
Friday, 15 May, 2026
होमरिपोर्टफसल और पशुधन नुकसान पर किसानों के साथ खड़ी योगी सरकार, आपदा में मौत पर 4 लाख सहायता

फसल और पशुधन नुकसान पर किसानों के साथ खड़ी योगी सरकार, आपदा में मौत पर 4 लाख सहायता

मुख्यमंत्री ने आपदा में किसी व्यक्ति की मौत होने पर परिजनों को तत्काल 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा फसल नुकसान झेलने वाले किसानों, पशुपालकों और अन्य प्रभावित परिवारों को भी तेजी से राहत पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आंधी, अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि और फसल नुकसान के बीच योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के प्रभारी मंत्रियों को प्रभावित परिवारों से मुलाकात करने और हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने साफ कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी मजबूती के साथ जनता के साथ खड़ी है और राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

मुख्यमंत्री ने आपदा में किसी व्यक्ति की मौत होने पर परिजनों को तत्काल 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा फसल नुकसान झेलने वाले किसानों, पशुपालकों और अन्य प्रभावित परिवारों को भी तेजी से राहत पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं.

राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रभावित जिलों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खुद प्रभावित परिवारों से मिलकर जरूरी सहायता उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें.

राहत आयुक्त कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनी के बाद सचेत पोर्टल के माध्यम से 34 करोड़ 64 लाख रेड और ऑरेंज अलर्ट संदेश लोगों को भेजे गए हैं.

सरकार ने राहत आपदा हेल्पलाइन नंबर 1070 को हाई अलर्ट पर रखा है और कॉल आते ही तुरंत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं.

सरकार ने 33 प्रतिशत से अधिक फसल नुकसान होने पर किसानों को मुआवजा देने का फैसला किया है. वर्षा सिंचित क्षेत्र के लिए 8500 रुपये प्रति हेक्टेयर, सुनिश्चित सिंचित क्षेत्र के लिए 17 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर और 12 माही फसलों व कृषि वानिकी के लिए 22,500 रुपये प्रति हेक्टेयर सहायता तय की गई है. यह सहायता अधिकतम दो हेक्टेयर तक की भूमि वाले किसानों को मिलेगी.

अतिवृष्टि के कारण खेतों में जमा गाद और मलबा हटाने के लिए भी सरकार ने 18 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक सहायता देने का प्रावधान किया है. मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सर्वे का काम तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए ताकि किसानों को समय पर राहत मिल सके.

सरकार ने पशुपालकों के लिए भी सहायता योजना लागू की है. दुधारू पशुओं जैसे गाय और भैंस की मौत पर 37,500 रुपये तक मदद दी जाएगी. बैल और घोड़े जैसे गैर दुधारू पशुओं के लिए 32 हजार रुपये तथा बछड़ा, गधा, खच्चर और टट्टू के लिए 20 हजार रुपये की सहायता तय की गई है.

भेड़, बकरी और सुअर की मौत पर भी 4 हजार रुपये प्रति पशु आर्थिक मदद दी जाएगी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्यों की लगातार निगरानी की जाए और प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचे, ताकि किसान और ग्रामीण परिवार जल्द सामान्य स्थिति में लौट सकें.

share & View comments