भोपाल/नई दिल्ली: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययता और ईंधन बचत की अपील का पालन करते हुए नई दिल्ली में मेट्रो ट्रेन से सफर किया.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवाजी स्टेडियम से दिल्ली एरोसिटी तक मेट्रो में यात्रा की. इस दौरान उन्होंने आम लोगों से बातचीत भी की और सह यात्रियों से उनके विचार जाने.
यात्रा के दौरान कुछ महिलाओं ने मध्यप्रदेश की खूबसूरती की तारीफ की और कहा कि वे प्रदेश के कई हिस्सों में घूम चुकी हैं. इस पर मुख्यमंत्री ने उनका धन्यवाद किया. वहीं कुछ यात्रियों ने राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनकी सराहना की.
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन साधन समय बचाने के साथ-साथ प्रदूषण कम करने और ऊर्जा संरक्षण में भी अहम भूमिका निभाते हैं. उन्होंने कहा कि यह पहल ‘विकसित भारत’ और ‘ग्रीन मोबिलिटी’ की दिशा में जनभागीदारी को मजबूत करने वाला सकारात्मक संदेश है.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर मध्यप्रदेश सरकार गंभीरता से काम कर रही है. सरकार ने इस संबंध में गाइडलाइन भी बनाई है. उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, वर्चुअल कैबिनेट बैठकें करने और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि इससे देश के लिए डॉलर की बचत होगी और विदेशों पर निर्भरता कम होगी.
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि उन्होंने पहले ही अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर दी है. साथ ही मंत्रियों और निगम-मंडल के पदाधिकारियों से भी कम वाहनों का इस्तेमाल करने और पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने की अपील की गई है.