नई दिल्ली: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज नगर निगम के नवनिर्मित सदन हॉल और विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा बिना रुके आगे बढ़ रही है. यह यात्रा मां गंगा की धारा की तरह निरंतर है.
उन्होंने कहा कि प्रयागराज आज सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक विकास का संगम बन गया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले शहर अव्यवस्था और गंदगी से जूझ रहा था. लेकिन 2019 के कुंभ ने इसे वैश्विक पहचान दिलाई. अब कुंभ और महाकुंभ की सुविधाएं स्थायी धरोहर बनेंगी. उन्होंने कहा कि शहर में 400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम हो रहा है.
जोनल पार्क और शिवालिक पार्क जैसी परियोजनाएं वेस्ट टू वेल्थ का उदाहरण हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले धार्मिक स्थल उपेक्षित थे. अब अक्षय वट और सरस्वती कूप श्रद्धालुओं के लिए खुले हैं. महर्षि भारद्वाज आश्रम का भी पुनर्विकास किया गया है. उन्होंने कहा कि प्रयागराज स्मार्ट सिटी की दिशा में आगे बढ़ रहा है. गंगा एक्सप्रेसवे से दिल्ली की दूरी कम हुई है. शहर में पुल और सड़क परियोजनाएं तेजी से चल रही हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रयागराज अब माफिया मुक्त और सुरक्षित शहर है. उन्होंने विकास कार्यों को जनता के सहयोग से आगे बढ़ाने की बात कही. इस अवसर पर कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.