नई दिल्ली: रक्षाबंधन के मौके पर योगी सरकार की मुफ्त बस यात्रा योजना का प्रदेशभर में बड़ी संख्या में महिलाओं और उनके सहयात्रियों ने लाभ उठाया. 29 अगस्त की शाम 5 बजे तक करीब 80 लाख महिलाएं और सहयात्री बिना किराया दिए यात्रा कर चुके थे. मुफ्त यात्रा की सुविधा शनिवार रात 12 बजे तक जारी रही.
परिवहन निगम के मुताबिक, 27 अगस्त को 9.26 लाख से अधिक महिलाओं और सहयात्रियों ने योजना का लाभ लिया. इनमें 6.03 लाख महिलाएं और 3.22 लाख सहयात्री शामिल थे. 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन मुफ्त यात्रा करने वालों की संख्या में बड़ा इजाफा हुआ. इस दिन 49.96 लाख से अधिक शून्य शुल्क टिकट जारी किए गए. इनमें 32.47 लाख महिलाएं और 17.48 लाख सहयात्री शामिल रहे.
इस तरह 27 और 28 अगस्त को कुल 59.23 लाख से अधिक टिकट जारी हुए. इनमें 38.51 लाख से ज्यादा महिलाएं और 20.71 लाख से अधिक सहयात्री शामिल हैं.
वहीं, ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई. भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बसों और कर्मचारियों की व्यवस्था की. अंतिम आंकड़े शनिवार रात 12 बजे के बाद अपडेट होने की उम्मीद है.