scorecardresearch
Sunday, 30 August, 2026
होमरिपोर्टव्यापारियों की समस्याओं पर सीएम धामी ने दिया समाधान का भरोसा

व्यापारियों की समस्याओं पर सीएम धामी ने दिया समाधान का भरोसा

हल्द्वानी में व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और सरल बनाने का दावा

Text Size:

नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हल्द्वानी में व्यापारियों, उद्योग प्रतिनिधियों और विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारियों से संवाद किया. आईटीसी फॉर्च्यून में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों ने जीएसटी प्रक्रियाओं के सरलीकरण, मंडी शुल्क, अतिक्रमण, पार्किंग, लीज नवीनीकरण और औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार समेत कई मुद्दे उठाए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी और उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार उनके लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल कारोबारी माहौल तैयार करने के लिए काम कर रही है. उन्होंने कहा कि राज्य में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को आसान बनाने के लिए निवेश मित्र और सिंगल विंडो सिस्टम को मजबूत किया गया है. वर्तमान में 26 विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं.

धामी ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तराखंड में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है. युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करने को स्टार्टअप नीति और 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड बनाया गया है.

उन्होंने कहा कि सरकार स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़कर “मेड इन उत्तराखंड” को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है. मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से निवेश और कारोबारी गतिविधियां बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा, “आप व्यापार बढ़ाइए, सरकार आपके साथ खड़ी है.”

share & View comments