लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के आबकारी विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के पहले चार महीनों (अप्रैल-जुलाई) में 20,862.42 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाकर नया रिकॉर्ड बनाया है. विभाग के अनुसार, यह पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 2,279.23 करोड़ रुपये यानी 12.27 प्रतिशत अधिक है.
विभाग ने बताया कि अकेले जुलाई 2026 में 5,052.86 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जो पिछले वर्ष के जुलाई की तुलना में 16.04 प्रतिशत अधिक है.
आबकारी एवं मद्य निषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार की पारदर्शी नीतियों, प्रभावी निगरानी और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था के कारण विभाग लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है. उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष के लिए आबकारी विभाग का 71,278 करोड़ रुपये का राजस्व लक्ष्य तय किया गया है, जिसे हासिल करने के लिए विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है.
राजस्व संग्रह के साथ-साथ अवैध शराब के खिलाफ अभियान भी जारी है. आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह के मुताबिक, अप्रैल से जून 2026 के बीच 29,294 मामले दर्ज किए गए. इस दौरान 4,673 लोगों को गिरफ्तार किया गया, 819 आरोपियों को जेल भेजा गया और तस्करी में इस्तेमाल 30 वाहन जब्त किए गए.
उन्होंने बताया कि जुलाई महीने में भी विभाग ने कार्रवाई जारी रखते हुए 9,769 मामले दर्ज किए, 1,704 लोगों को गिरफ्तार किया और 271 आरोपियों को जेल भेजा. विभाग का कहना है कि सरकार का लक्ष्य सिर्फ राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाकर समाज को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना भी है.