भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के कमला नेहरू सांदीपनि कन्या शासकीय विद्यालय में आयोजित ‘किताब से कल तक’ कार्यक्रम में छात्राओं से संवाद किया. इस दौरान उन्होंने स्कूल की स्टूडेंट कैबिनेट से मुलाकात की, उनके कामकाज की जानकारी ली और छात्राओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) का समझदारी से उपयोग करने की सलाह दी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ChatGPT, Grok या अन्य AI टूल्स का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन उन पर पूरी तरह निर्भर नहीं होना चाहिए. उन्होंने छात्राओं से कहा कि AI से मिली जानकारी को हमेशा क्रॉस-चेक करें और अपना विवेक व सोच जरूर लगाएं.
कार्यक्रम में एक छात्रा ने पूछा कि क्या वे ChatGPT का इस्तेमाल करते हैं. इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कार्यक्रम या विषय से जुड़ी नई जानकारियां और वर्तमान परिदृश्य को समझने के लिए वे AI का उपयोग करते हैं, ताकि अपने भाषण में नई बातें शामिल कर सकें. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम निर्णय हमेशा स्वयं की समझ और तथ्यों की जांच के आधार पर होना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने स्कूल की स्टूडेंट कैबिनेट के सदस्यों को मंच पर बुलाकर उनसे परिचय लिया. छात्राओं ने बताया कि स्कूल में स्पोर्ट्स, कल्चरल, डिसिप्लिन, हेड गर्ल और अन्य जिम्मेदारियों के लिए कैबिनेट बनाई जाती है. इसका चुनाव मतदान के जरिए होता है और छात्राएं पूरे साल स्कूल की गतिविधियों और अनुशासन में सहयोग करती हैं. इस व्यवस्था की मुख्यमंत्री ने सराहना की.
छात्राओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों को डॉक्टर, इंजीनियर, सैनिक, किसान, उद्यमी और राजनीति जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल, अनुशासन और नियमित स्वाध्याय भी जरूरी है.
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से भी संवाद किया और कहा कि विद्यार्थियों को केवल परीक्षा तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें खेती, उद्यमिता, सेना, राजनीति और रोजगार सृजन जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें.