भोपाल/मुंबई: ग्वालियर में विकसित किए जा रहे टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) के लिए मुंबई में आयोजित इन्वेस्टर राउंड टेबल बैठक में 1,550 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उद्योग-अनुकूल नीतियों और बेहतर निवेश माहौल के कारण मध्यप्रदेश देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार मिलकर ग्वालियर में देश का आधुनिक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब विकसित कर रही हैं. उन्होंने बताया कि दिल्ली में हुई पहली राउंड टेबल बैठक में 3,500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जबकि मुंबई बैठक में 1,550 करोड़ रुपये के नए प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं.
डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में सस्ती बिजली, कुशल श्रमिक, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशकों के लिए अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं. रोजगार आधारित उद्योग लगाने पर सरकार पांच से दस वर्ष तक वेतन सहायता भी देती है. उन्होंने उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश में निवेश कर औद्योगिक विकास की नई यात्रा का हिस्सा बनने का आह्वान किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के करीब होने के साथ आधुनिक बुनियादी सुविधाओं, बेहतर सप्लाई चेन और वैश्विक स्तर की विनिर्माण क्षमता से लैस होगा. इससे टेलीकॉम उद्योग में निवेश बढ़ेगा और बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे.
केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दूरसंचार और डिजिटल क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ा है. उन्होंने बताया कि देश में अब 50 करोड़ से अधिक 5G उपभोक्ता हैं और भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा टेलीकॉम बाजार बन चुका है. उन्होंने कहा कि ग्वालियर TMZ में निवेशकों को प्लग-एंड-प्ले सुविधा, सस्ती बिजली और आधुनिक विनिर्माण ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा.
दूरसंचार सचिव अमित अग्रवाल ने कहा कि ग्वालियर का TMZ देश का पहला समर्पित टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन होगा. इससे भारत की वैश्विक सप्लाई चेन में हिस्सेदारी मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत अभियान को नई गति मिलेगी.
सरकार के अनुसार, TMZ के पहले चरण में 170 एकड़ भूमि विकसित की जा रही है, जबकि दूसरे चरण में 400 एकड़ अतिरिक्त भूमि के विस्तार की योजना है. निवेशकों को एक रुपये प्रति वर्गमीटर लीज, पूंजी अनुदान, रोजगार प्रोत्साहन, प्रशिक्षण सहायता, सस्ती बिजली और अन्य कई प्रोत्साहन दिए जाएंगे.
बैठक में पांच कंपनियों ने कुल 1,550 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए. इनमें एमवी इलेक्ट्रोसिस्टम्स 700 करोड़ रुपये, अनंत सिस्टम्स 400 करोड़ रुपये, स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज 200 करोड़ रुपये, वीएनटी 150 करोड़ रुपये और टेसकॉम 100 करोड़ रुपये का निवेश करेंगी. इन परियोजनाओं से हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है.