scorecardresearch
Saturday, 14 November, 2026
होमरिपोर्टबिरसा मुंडा के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा: CM मोहन यादव, जबलपुर को 133 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

बिरसा मुंडा के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा: CM मोहन यादव, जबलपुर को 133 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने कहा-भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को देश हमेशा याद रखेगा; जनजातीय धर्मगुरुओं और अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाली प्रतिभाओं को किया सम्मानित.

Text Size:

भोपाल/जबलपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 14 नवंबर को जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित ‘जनजाति गौरव सप्ताह’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को नमन किया और कहा कि देश उनके अमर बलिदान को हमेशा याद रखेगा. मुख्यमंत्री ने जनजातीय धर्मगुरुओं को सम्मानित किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों पर फूल बरसाकर उनका अभिवादन किया. इस मौके पर उन्होंने जबलपुर को 133 करोड़ रुपये की लागत के पांच विकास कार्यों की सौगात दी. साथ ही, अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर काम करने वाले जनजातीय समाज के समाजसेवियों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया. कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी लाभ बांटे गए. मुख्यमंत्री ने इस दौरान कई घोषणाएं भी कीं.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को जितने भी सम्मान दिए जाएं, वे कम हैं. उन्होंने अपने जीवन के सिर्फ 25 साल में देश, धर्म, स्वाभिमान और समाज में अनुशासन को विशेष महत्व दिया. देश उनके अमर बलिदान को हमेशा याद रखेगा. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता संभालने के बाद देश के जनजातीय नायकों के बलिदान और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए काम शुरू किया. इन नायकों ने हमारी प्राचीन संस्कृति और विरासत को बचाने में अहम योगदान दिया.

उन्होंने कहा कि गोंडवाना साम्राज्य की वीरांगना रानी दुर्गावती का जीवन अद्भुत था. उस समय अन्याय और शोषण के खिलाफ जनजातीय नायकों ने बड़ा संघर्ष किया था, जिसे याद रखने की जरूरत है. भगवान बिरसा मुंडा ने लोगों को अपनी पहचान और संस्कृति बचाने के लिए जागरूक और एकजुट होने की सीख दी. उन्होंने कहा था कि संस्कृति से बड़ी कोई विरासत नहीं और स्वाभिमान से बड़ा कोई गौरव नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ आंदोलन शुरू किया था.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय कार्य विभाग के जरिए प्रदेश के सभी विकासखंडों में जनजातीय नायकों के योगदान और उनके आदर्शों को लोगों तक पहुंचा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ने पहली कैबिनेट बैठक जबलपुर में की थी. इसके बाद कटनी के पास संग्रामपुर में दूसरी कैबिनेट बैठक रानी दुर्गावती को समर्पित की गई.

उन्होंने बताया कि जबलपुर में राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है. उन्होंने अपनी लेखनी के जरिए समाज को जागरूक किया और लोगों में स्वाभिमान की भावना जगाई थी. खरगोन में क्रांतिसूर्य टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय खोला गया है. टंट्या मामा ने धार, झाबुआ और आलीराजपुर में क्रांति की मशाल जलाई थी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पचमढ़ी के राजा भभूत सिंह ने अंग्रेजों के खिलाफ बड़ी लड़ाई लड़ी थी. राज्य सरकार ने सतपुड़ा टाइगर रिजर्व का नाम राजा भभूत सिंह के नाम पर रखा है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में भीमा नायक, ख्वाजा नायक और बादल भोई जैसे कई जनजातीय वीर हुए हैं. इनकी कहानियों से युवा पीढ़ी को देशभक्ति, साहस और स्वाभिमान की प्रेरणा मिलती है.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपनी संस्कृति और परंपराओं को बचाए रखा और हाथों में तीर-कमान लेकर देश के लिए बलिदान दिया. हमारे लिए स्वाभिमान, अपना देश और देशप्रेम सबसे ऊपर हैं. उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा जनजातीय समाज के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ न्याय की आवाज बने. उनके बलिदान से फैला प्रकाश सदियों तक बना रहेगा.

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में 43 जनजातियां रहती हैं. राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास कार्य कर रही है, लेकिन खास तौर पर चिह्नित जनजातीय क्षेत्रों का पूरा विकास सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. इन क्षेत्रों के लोगों को भी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का लाभ मिलेगा. किसानों की आय बढ़ाने के लिए गोपालन और पशुपालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम विकासखंडों में भी उत्साह के साथ मनाए जाने चाहिए.

share & View comments